चलती ट्रेन में छिनतई करने वाला बदमाश अरेस्ट:ट्रेन से कूदकर भाग रहा शातिर पकड़ाया
मुजफ्फरपुर में ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र में चलती ट्रेन में यात्रियों को निशाना बनाकर मोबाइल छिनतई करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। एसडीपीओ टाउन टू विनीता सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 अप्रैल 2026 को हुई मोबाइल छिनतई की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सूरज कुमार (पिता संतोष शाह) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोतिहारी के कल्याणपुर का रहने वाला है और हाल के दिनों में ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के झिटकिहिया में किराए के मकान में रह रहा था। उसे संजय सिनेमा रोड के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्थिति में पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद किया गया।
चलती ट्रेन में वारदात को देते थे अंजाम
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी और उसके साथी बेहद सुनियोजित तरीके से अपराध को अंजाम देते थे। यह गिरोह ट्रेन में सवार होकर यात्रियों को निशाना बनाता था। जैसे ही ट्रेन धीमी होती, वे यात्रियों का ध्यान भटकाकर उनका मोबाइल छीन लेते और तुरंत चलती ट्रेन से कूद जाते थे।ट्रेन से कूदने के बाद उनके साथी पहले से ही बाइक लेकर आसपास मौजूद रहते थे, जिससे आरोपी तेजी से फरार हो जाते थे। इसी तरीके से 24 अप्रैल को भी एक यात्री से मोबाइल छीनकर आरोपी फरार हुए थे।
चेकिंग के दौरान खुला राज
घटना के बाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान आरोपी को रोका गया। पूछताछ में उसने पूरे मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है और उसके अन्य साथियों की तलाश में जुटी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
