समस्तीपुर:नेशनल हाईवे 28 पर दो कारों की जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे
सरायरंजन| मुसरीघरारी थाना क्षेत्र अंतर्गत मुसरीघरारी चौक स्थित नेशनल हाईवे पर रविवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मुजफ्फरपुर–दलसिंहसरा य रोड पर दो कारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना तेज था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से एवं पिछले हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए, हालांकि गनीमत रही कि कार सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों कारें मुजफ्फरपुर दिशा से आ रही थीं।
इसी दौरान किसी एक वाहन के नियंत्रण खोने से एक खड़ी कार में पीछे से टक्कर मार दिया। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और स्थिति का जायजा लेने लगे। कुछ लोगों ने तत्काल घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि एक कार का इंश्योरेंस वैध नहीं था, जबकि दूसरी कार को अधिक नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।