सरायगंज में शराब बेचने के आरोप में महिला गिरफ्तार:उत्पाद विभाग ने बस स्टैंड से पकड़ा
समस्तीपुर के सरायरंजन में मुसरीघरारी बस स्टैंड के पास उत्पाद विभाग ने एक महिला शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान उसकी एक सहयोगी लड़की मौके से फरार हो गई।
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि एक महिला अवैध रूप से विदेशी शराब की तस्करी कर रही है। इस जानकारी के बाद अधिकारी सादे लिबास में मौके पर पहुंचे और संदिग्ध महिला का पीछा करने लगे।महिला और उसके साथ मौजूद लड़की के हाथों में झोले और बैग देखकर टीम को संदेह हुआ। इसके बाद समस्तीपुर से एक महिला सिपाही को बुलाया गया। तलाशी के दौरान उनके बैग और झोले से आरएस ब्रांड की 750 एमएल विदेशी शराब की बोतलें और टेट्रा पैक बरामद किए गए।
जांच प्रक्रिया के दौरान ही महिला की सहयोगी लड़की मौके से फरार हो गई। पुलिस ने बरामद शराब को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार महिला को हिरासत में लेकर समस्तीपुर ले जाया गया है, जहां उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। फरार लड़की की तलाश में छापेमारी की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
