बिहार के 12 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट, अररिया में सबसे अधिक 50.4mm बारिश
पटना.मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी रविवार को प्रदेश के 12 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इस जिलों में बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।
इन जिलों में सोमवार तक आंधी-बारिश के साथ आकाशीय बिजली का यलो अलर्ट है।वहीं, पटना, गया और छपरा समेत पश्चिमी और मध्य बिहार के जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। इन क्षेत्रों को ग्रीन जोन में रखा गया है, जहां मौसम साफ रहेगा।
सबसे ज्यादा अररिया के रानीगंज में 50.4 एमएम बारिश
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में बारिश हुई है। सबसे अधिक बारिश अररिया के रानीगंज में 50.4 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा खगड़िया में 45 मिमी, भागलपुर में 32.8 मिमी और किशनगंज में 32.6 मिमी बारिश हुई, जो इस समय के हिसाब से काफी अधिक है।हालांकि, सबसे गर्म जिला कैमूर रहा। यहां 38.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
क्यों बदला मौसम ?
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, इस समय तीन सिस्टम एक साथ सक्रिय हैंः
वेस्टर्न डिस्टर्बन्सः ईरान के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण अब कैस्पियन सागर तक पहुंच गया है।
लो प्रेशर बेल्टः मध्य असम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के ऊपर चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है।
जेट स्ट्रीमः उत्तर-पूर्व भारत के ऊपर 12.6 किमी की ऊंचाई पर 90 नॉट्स की रफ्तार वाली सब-ट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम गुजर रही है। इन्हीं के मिलन से काल बैसाखी जैसी स्थिति बनी है।
तेज आंधी, बारिश से 50-80% तक फसल चौपट
प्री-मानसून की पहली ही दस्तक ने बिहार में मौसम का मिजाज बदल दिया है। काल बैसाखी के असर से राजधानी समेत पूरा राज्य प्रभावित हुआ है। पटना में आंधी की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। शुक्रवार देर रात आई आंधी, बारिश और ओलों ने राज्यभर में रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है। गेहूं, सरसों और मक्का की तैयार फसलें तेज हवा के कारण खेतों में बिछ गई हैं। कई जिलों में 50 से 80 प्रतिशत तक फसल क्षति का अनुमान है। सारण, बेगूसराय,जहानाबाद और शेखपुरा, कोसी सीमांचल में नुकसान ज्यादा हुआ है। उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण बिहार तक आम और लीची के मंजर झड़ गए हैं। गए हैं।
सामान्य से 289 % अधिक बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, इस सीजन में अब तक बिहार में सामान्य से 289 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। यह आंकड़ा इस बात का संकेत है कि इस बार प्री-मानसून गतिविधियां काफी सक्रिय है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
