ट्रक ने बाइक सवार दंपति को मारी टक्कर:महिला की मौत,पति और बच्चा घायल
पटना के दानापुर में बीती रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे के दौरान बाइक सवार 23 वर्षीय महिला नीतू देवी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि महिला के पति अखिलेश कुमार और उनके डेढ़ साल के बच्चे को मामूली चोटें आई हैं। टक्कर के बाद ट्रक चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया।
मृतक महिला की पहचान दानापुर थाना क्षेत्र के ताराचक निवासी अखिलेश कुमार की पत्नी नीतू देवी के रूप में हुई है।मृतका के बड़े भैसुर सुबोध राय ने बताया, यह घटना देर रात करीब साढ़े दस बजे कैंट क्षेत्र के एमईएस पुल के पास हुई। अखिलेश अपनी पत्नी नीतू और डेढ़ साल के बेटे के साथ मनेर थाना क्षेत्र के खासपुर स्थित अपने ससुराल से ताराचक घर लौट रहे थे।
तभी एमईएस पुल के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक का पिछला हिस्सा ट्रक में ही फंस गया। इस दौरान नीतू देवी ट्रक की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि अखिलेश और बच्चा कुछ दूर जा गिरे और उन्हें मामूली चोटें आईं।ट्रक ड्राइवर गाड़ी रोकने के बजाय बाइक को लगभग दो किलोमीटर तक छावनी क्षेत्र के नवलखा मंदिर तक घसीटता ले गया और फिर फरार हो गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे की सूचना मिलने पर दानापुर पुलिस और ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस फरार ट्रक ड्राइवर की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। ट्रैफिक पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर ट्रैफिक थाने भेज दिया है। दानापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार भारद्वाज ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
