समस्तीपुर:मोबाइल हैक कर तीन बैंक खातों से 2.18 लाख उड़ाए
समस्तीपुर,जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र के तीरा जटमलपुर निवासी नरेश सहनी के पुत्र संतोष सहनी साइबर ठगी के शिकार हो गए। साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल की स्क्रीन ब्लैंक कर फोन का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया और यूपीआई के माध्यम से तीन अलग-अलग बैंक खातों से कुल दो लाख 18 हजार रुपए की निकासी कर ली। पीड़ित के आवेदन पर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़ित संतोष सहनी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि अचानक उनके मोबाइल की स्क्रीन ब्लैंक हो ज्ञ था।
हालांकि, फोन का डिस्प्ले ऑन था, लेकिन वे करीब एक घंटे तक मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर सके। इस दौरान मोबाइल पर उनका नियंत्रण नहीं रहा। करीब एक घंटे बाद जब स्क्रीन सामान्य हुई तो बैंक खातों से रुपए निकासी के कई मैसेज मिले। जांच करने पर पता चला कि उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर से जुड़े फोन-पे के माध्यम से तीन बैंक खातों से रुपए ट्रांसफर किए गए हैं। इसमें एक्सिस बैंक खाते से 98 हजार, केनरा बैंक खाते से 98 हजार और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के खाते से 22 हजार रुपए की निकासी की गई है।