मौसम अपडेट:बिहार में पछुआ हवा ने बढ़ाई ठंड :न्यूनतम तापमान 10°C से कम
पटना।बिहार में पछुआ हवाओं ने ठंड बढ़ा दी है। बेगूसराय, गोपालगंज, बक्सर में सुबह-सुबह कोहरा छाया हुआ है। पछुआ हवा चल रही है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।प्रदेश के ज्यादातर जिलों में न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, आज से कई हिस्सों में ठंडी पछुआ हवा चल रही है। हवा की रफ्तार 20KM/H है। हवा की दिशा बदलने से रात और सुबह का तापमान और नीचे गिरेगा।
पिछले 24 घंटे में औरंगाबाद का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। 8 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज किया गया। इसमें गया, नवादा, शेखपुरा, कैमूर और रोहतास में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
7 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, बिहार के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान 7 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, अधिकतम तापमान 24 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.सुबह और देर रात के समय ठंड अधिक महसूस होगी, जबकि दोपहर में हल्की धूप लोगों को राहत दे सकती है। हालांकि, हवा की ठंडक के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस होगी। मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि, उत्तर-पश्चिम दिशा से ठंडी हवा बिहार में प्रवेश कर रही हैं, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है।
अभी शीतलहर की स्थिति नहीं बनेगी
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि, अभी शीतलहर की स्थिति नहीं बनेगी, लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले कुछ दिनों में खासकर मैदानी इलाकों में सुबह में कोहरा बढ़ सकता है, जिससे विजिबलिटी प्रभावित होगी।दिसंबर के दूसरे सप्ताह से ठंड और बढ़ेगी। रात के तापमान में गिरावट जारी रहने की वजह से किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।राजधानी में भी ठंड का असर दिखने लगा है। आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान 11-13 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। सुबह हल्का कोहरा छाया रहेगा। हालांकि दिन चढ़ते ही धूप निकलेगी और लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
