समस्तीपुर में महादलित छात्रा का अपहरण मामला: भाकपा माले ने किया सभा
समस्तीपुर में एक महादलित स्नातक छात्रा के कथित अपहरण के विरोध में भाकपा माले ने प्रतिरोध सभा का आयोजन किया। यह घटना उजियारपुर प्रखंड के हरपुर रेवाड़ी पंचायत में सामने आई है, जहां छात्रा को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप है।
पुलिस प्रशासन द्वारा कानून व्यवस्था दुरुस्त करने के दावों के बावजूद ग्रामीण इलाकों में अपराध का ग्राफ बढ़ता दिख रहा है। गांव की एक महादलित स्नातक छात्रा को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है।इसी मामले को लेकर भाकपा माले की उजियारपुर प्रखंड हरपुर रेवाड़ी पंचायत कमेटी ने खादी भंडार चौक पर प्रतिरोध सभा आयोजित की। पंचायत कमेटी सचिव तननजय प्रकाश की अध्यक्षता में हुई इस सभा में अपहरण की घटना की निंदा की गई।
रेवाड़ी पंचायत में ऐसी दर्जनों घटनाएं हुई
भाकपा माले नेता महावीर पोद्दार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि महादलित छात्रा का गलत नीयत से अपहरण करना न सिर्फ सामाजिक रूप से गलत है, बल्कि कानूनी अपराध भी है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यह प्रेम प्रसंग का मामला है, तो इसका सूत्रधार कौन है। पोद्दार ने यह भी आरोप लगाया कि रेवाड़ी पंचायत में ऐसी दर्जनों घटनाएं हुई हैं और कुछ असामाजिक तत्व इन्हें बढ़ावा दे रहे हैं।
उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए, क्योंकि घटना के दो सप्ताह से अधिक बीत जाने के बाद भी पुलिस दोषियों को गिरफ्तार करने में विफल रही है। पोद्दार ने केंद्र सरकार की नीतियों पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि सैटेलाइट के माध्यम से पश्चिमी संस्कृति को भारत में प्रवेश कराया जा रहा है, जिससे युवाओं की मानसिकता दूषित हो रही है।सभा को संबोधित करते हुए गंगा प्रसाद पासवान ने कहा कि वर्तमान सरकार के गठन के बाद से दलितों और महादलितों पर हमले बढ़े हैं, और यह घटना उसी का परिणाम है। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इस अवसर पर प्रखंड कमेटी सदस्य दिलीप कुमार राय, रोहित कुमार, राम सगुण सिंह, राम प्रीत सहनी, निर्धन शर्मा, प्रवीण कुमार, मो शकूर, शैरुल खातून और मो मुस्तफा सहित कई अन्य कार्यकर्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
