वैशाली-बाइक सवार से लूट के मामले में 6 अरेस्ट:चार लूटकांडों में संलिप्तता
वैशाली के जंदाहा थाना क्षेत्र में बाइक सवार से नकदी, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूटने के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने इनके पास से लूटा गया मोबाइल, एक मोटरसाइकिल, सात अन्य मोबाइल और 8,650 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चार लूटकांडों का खुलासा हुआ है।
एसएसपी शुभांक मिश्रा ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 19 अक्टूबर को जंदाहा थाना क्षेत्र में नरहरपुर से लक्ष्मणपुर जाने के दौरान नीम ओवरब्रिज के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने मुस्लिम खलीफा को रोक लिया।
बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और हथियार दिखाकर 65 हजार रुपये नकद, मोबाइल और मोटरसाइकिल लूट ली। पीड़ित बिदुपुर थाना क्षेत्र के चक सिकंदर गांव के रहने वाले हैं।घटना के बाद जंदाहा थाने में कांड संख्या 476/26 दर्ज किया गया।
विशेष टीम ने छापेमारी कर छह को पकड़ा
मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। इसमें महुआ एसडीपीओ पोलसत कुमार और जंदाहा थाना पुलिस शामिल थी।पुलिस ने सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर छापेमारी कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें लूट में शामिल बताए जा रहे तीन बदमाशों के अलावा तीन सहयोगी भी हैं।
लूटा गया मोबाइल दुकानदार के जरिए बेचा
एसएसपी के मुताबिक, जांच में मोबाइल की खरीद-बिक्री का नेटवर्क सामने आया। पुलिस का कहना है कि आरोपी अंकित कुमार ने लूटा गया मोबाइल खरीदा था।बाद में उसने इसे दीपक कुमार को 2,500 रुपये में बेच दिया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला कि बदमाश लूट के बाद मोबाइल दुकानदार को बेचते थे और दुकानदार उसे कम कीमत पर दूसरे ग्राहकों को बेच देता था।
चार लूटकांडों में संलिप्तता का दावा
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार जितेंद्र कुमार उर्फ गीदड़ ने पूछताछ में साथियों के साथ चार अन्य लूट की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है।इनमें 28 अक्टूबर को महुआ में व्यवसायी से 1.5 लाख रुपये और बाइक की लूट, 7 अक्टूबर को पातेपुर में 80 हजार रुपये की लूट तथा 10 और 19 अगस्त को राजापाकर में क्रमशः 30 हजार और 22 हजार रुपये व मोबाइल लूटने की घटनाएं शामिल हैं।
इन मामलों में महुआ थाना कांड संख्या 1202/26, पातेपुर थाना कांड संख्या 474/26 और राजापाकर थाना कांड संख्या 362/26 व 371/26 दर्ज हैं।
सुभाष पर पहले से दो आपराधिक मामले
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ गीदड़, राजू सहनी, चंदन कुमार, अंकित कुमार, सुभाष कुमार और दीपक कुमार के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार, सुभाष कुमार के खिलाफ पहले से बलिगांव थाना में आर्म्स एक्ट का कांड संख्या 159/24 और पातेपुर थाना में लूट का कांड संख्या 388/24 दर्ज है।एसएसपी ने बताया कि फरार मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
