लहेरियासराय-सिलौत नई रेल लाइन सर्वे का कार्य पूरा:तीन जिलों के लोगों को होगा फायदा
समस्तीपुर रेलवे मंडल प्रशासन ने लहेरियासराय-सिलौत नई रेल लाइन निर्माण को लेकर सर्वे का कार्य पूरा कर लिया है। 52.69 किलोमीटर के इस नई रेलवे लाइन निर्माण पर करीब 1331.20 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। इस लाइन को दरभंगा में निर्माणाधीन एम्स के पास से गुजारा जाएगा। इसके साथ ही एम्स के नाम से उस स्थल पर स्टेशन भी बनाने का प्रस्ताव दिया गया है।
सर्वे रिपोर्ट मंत्रालय में रेलवे के निर्माण विभाग ने सबमिट कर दिया है। माना जा रहा है कि अगले वर्ष आने वाली बजट में इस योजना को शामिल किया जाएगा। बजट का प्रावधान होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस नई रेलवे लाइन के बनने पर दरभंगा, मधुबनी के लोगों को मुजफ्फरपुर जाने-आने में कम समय लगेगा। पटना पहुंचना भी उनके लिए आसान हो जाएगा। वह दो घंटे में पटना पहुंच सकेंगे।
छह स्टेशनों का होगा निर्माण
इस नई रेलवे लाइन परियोजना के तहत छह स्टेशन का प्रस्ताव दिया गया है। लहेरियासराय स्टेशन से ट्रेन खुलने के बाद पहला ठहराव दरभंगा एम्स स्टेशन होगा। इसके अलावा इस रूट पर पटासी, मोरो, बांद्रा, घोसरंभा (समस्तीपुर जिला के पूसा प्रखंड के पास से होते हुए )व विद्यया झा स्टेशन होते हुए समस्तीपुर-मुजफ्फरपुर रेल खंड के सिलौत स्टेशन पहुंचेगी।
बागमती और बूढी गंडक नदी पर बनेगा बड़ा पुल इस खंड के बीच से गुजरने वाली बागमती और बूढी गंडक नदी पर करीब 200 मीटर लंगा पुल का निर्माण होगा। इसके साथ ही 11 मेजर, 12 माइनर पुलों का निर्माण होगा। इस रूट पर रेलवे गुमटी का प्रस्ताव नहीं दिया गया है। विभिन्न जगहों पर 45 अंडर पास का निर्माण होगा। ताकि गुमटी बंद करने का झंझट समाप्त होगा।
130 किलोमीटर की स्पीड से चलेगी ट्रेन
सर्वे में इस रूट को 130 किलोमीटर की स्पीड के लायक बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। जिसे भविष्य में 160 तक किया जा सके। विद्युतीकरण के साथ रूट का निर्माण होगा। रेलवे लाइन के निर्माण के लिए 245 हेक्टेयर जमीन की जरूरत होगी।
सर्वे का काम पूरा हो चुका है
रेलवे निर्माण विभाग के डिप्टी चीफ इंजीनियर आके गुप्ता ने कहा कि लहेरियाराय-सिलौत नई रेल लाइन सर्वे का काम पूरा हो गया है। सर्वें रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दिया गया है। बजट में मंजूरी मिलते ही इस पर टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दिया जाएगा। तीन सालों में रेलवे लाइन बनाने का प्रस्ताव है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
