समस्तीपुर में गाड़ी की ठोकर से गई जान,भांजी के शादी में पहुंचा था मामा
समस्तीपुर के रोसरा थाना क्षेत्र के भिड़हा मिडिल स्कूल के पास शादी समारोह के दौरान गाड़ी से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान बेगूसराय के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर कोठी गांव निवासी अशर्फी पासवान के बेटे राजेश पासवान (18) के रूप में की गई है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।
घटना के संबंध में मृतक के बड़े भाई जितेंद्र पासवान ने जानकारी दी। इन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई इंटर में पढ़ता है। रात वह अपनी भांजी की शादी में भाग लेने के लिए सीमावर्ती रोसरा थाना क्षेत्र के भिड़हा गांव गया हुआ था । जहां पर मिडिल स्कूल के पास वह सड़क किनारे खड़ा था।इसी दौरान एक गाड़ी ने उसे ठोकर मार दी। इस घटना में वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया । स्थानीय लोगों की मदद से उसे बेगूसराय के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया । जहां गुरुवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिवार के लोगों ने घटना की जानकारी रोसरा थाने की पुलिस को दी। मौके पर पहुंची रोसरा थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा है।रोसरा के डीएसपी संजय सिन्हा ने बताया कि युवक रात बारात में शामिल होने के लिए आया था। जहां गाड़ी की ठोकर से वह जख्मी हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना को लेकर एक प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
