Patna

पूर्व MLC के घर मिला 1 करोड़ से ज्यादा कैश:नोट गिनने की मशीन मंगवाई गई;बिहार में 5 जगह NIA रेड

 

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

पटना.पूर्व MLC मनोरमा देवी के घर NIA की रेड हुई है। बताया जा रहा है कि नक्सली कनेक्शन को लेकर NIA ने छापेमारी की है। नोट गिनने की मशीन मंगवाई गई है।

बिहार के 5 लोकेशन पर एनआईए ने रेड की है। इनमें से 3 गया में है। गया में पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के घर और प्लांट पर एनआईए की टीम ने दबिश की है। एपी कॉलोनी स्थित जदयू की पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के आवास पर भी सुबह 4 बजे छापेमारी शुरू हुई। घर से एक करोड़ से ज्यादा कैश मिलने की खबर है।

 

 

जांच एजेंसी ने नोट गिनने की मशीन मंगवाई है। मशीन के साथ एसबीआई के चीफ मैनेजर शशिकांत भी पहुंचे हैं। उनसे बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। घर से 8 लाइसेंसी हथियार भी मिले हैं। हथियार जिनके नाम पर उन्हें सत्यापन के लिए बुलाया गया है।

 

घर के अंदर किसी को जाने की इजाजत नहीं है। घर में मौजूद लोगों से पूछताछ जारी है। जिला पुलिस के सहयोग से एनआईए ने कार्रवाई की है। घर के साथ ही उनके बोधगया में जानपुर गांव के पास स्थित प्लांट में भी छापेमारी हुई है। इसके अलावा बांके बाजार में भी एनआईए की टीम छापेमारी कर रही है।

 

मनोरमा देवी के दिवंगत पति बिंदेश्वरी यादव जिला पार्षद अध्यक्ष थे। उनके खिलाफ नक्सल गतिविधि और साठगांठ का केस था। नक्सलियों को कारतूस सप्लाई करने के आरोप में बिंदेश्वरी यादव की गिरफ्तारी भी हुई थी। उनकी गाड़ी से ही सैकड़ों की संख्या में कारतूस बरामद हुए थे। तब इनके खिलाफ देशद्रोह का केस भी दर्ज किया गया था। आज की कार्रवाई भी नक्सल कनेक्शन तलाशने को लेकर होने की खबर है।

 

पूछताछ पूर्व एमएलसी और घर के सदस्यों से की जा रही है। बता दें कि मनोरमा देवी का बड़ा बेटा रॉकी यादव देश के चर्चित रोडरेज गोली कांड का मुख्य आरोपी रहा है। हालांकि, हाईकोर्ट ने साक्ष्य के अभाव में उसे बरी कर दिया था।

 

 

मनोरमा देवी के घर में बरामद 8 लाइसेंसी हथियार के सत्यापन के लिए बाहरी लोगों को बुलाया गया है। बाहरी लोग वो हैं जिनके नाम से हथियार का लाइसेंस है। लेकिन, वे हथियार मनोरमा देवी के घर से मिले थे और उनके निजी अंगरक्षक उन हथियारों का इस्तेमाल सुरक्षा के लिए करते हैं। इन में से एक संजय सिंह को मनोरमा देवी के घर में एनआईए ने बुलाया है। उनसे पूछताछ की जा रही है।

 

गया में 3 जगह NIA की रेड

 

पूर्व एमएलसी मनोरमा देवी के घर के अलावा उनके प्लांट पर रेड की कार्रवाई चल रही है। प्लांट बोधगया में जानपुर गांव के पास है। इसके अलावा बांके बाजार में भी एनआईए की टीम छापेमारी कर रही है। बांकेबाजार में द्वारिका यादव के प्लांट पर छापेमारी चल रही है। द्वारिका यादव का कनेक्शन मनोरमा देवी का है। बताया जा रहा है कि द्वारिका का प्लांट मूल रूप से मनोरमा देवी का ही है। द्वारिका उसकी देख रेख करते हैं।

 

इधर पूर्व MLC मनोरमा देवी के घर NIA रेड से संबंधित सवाल पूछने पर मंत्री शीला मंडल ने पल्ला झाड़ा। शीला मंडल ने कहा कि हमारी सरकार न किसी को फंसाती है और न ही किसी को बचाती है। जिस मामले को लेकर छापेमारी हो रही उनके बारे में सब जानते हैं। जो गलत करेगा कार्रवाई तो होगी ही।

 

दो लड़कों से एनआईए ने की थी पूछताछ

 

सूत्रों का कहना है कि बीते दिनों टेकारी पुलिस अनुमंडल क्षेत्र में एनआईए की रेड पड़ी थी। इसमें दो लड़कों से पूछताछ हुई थी। उन लड़कों ने जदयू नेता मनोरमा देवी के नाम का खुलासा किया था। उन लड़कों का नक्सली कनेक्शन जांच में उजागर हुआ था। एनआईए ने दोनों लड़कों को विशेष रूप से पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया था।

 

 

सितंबर 2023 को एनआईए ने दर्ज किया था केस

 

न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक औरंगाबाद से नक्सल गतिविधि को लेकर इनपुट मिला था। मामले तो लेकर पुलिस ने 7 अगस्त 2023 को केस दर्ज किया था। बाद में मामले को एनआईए ने टेकओवर कर लिया था, तब सितंबर 2023 में फिर से केस दर्ज किया गया था। इसमें सफेदपोशों के नक्सली गतिविधि में शामिल होने की जानकारी मिली थी।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!