गिरिराज सिंह बोले-बिहार में हर जगह शराब उपलब्ध,शराबबंदी कानून की फिर से समीक्षा होनी चाहिए
पटना।दरभंगा DMCH के डॉक्टर्स की शराब पार्टी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसके बाद विपक्ष नीतीश सरकार पर हमलावर हो गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार में शराबबंदी कानून को फेलियर बताया है।
उन्होंने कहा कि शराबबंदी कानून की फिर से समीक्षा होना चाहिए। बिहार में पीने वालों को शराब मिल ही जाती है। पैसे खर्च करने के बाद भी लोग जहरीली शराब पीते हैं। जिस तरह भगवान लोगों को दिखाई नहीं देते हैं, लेकिन हर जगह रहते हैं। वैसे ही बिहार में शराब हर जगह उपलब्ध है और पीने वालों को आसानी से मिल जा रही है।
अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय के दो दिवसीय प्रवास पर पहुंचे गिरिराज सिंह ने सड़क किनारे मांस बेचे जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि बेगूसराय समेंत देश के विभिन्न हिस्सों में बड़े पैमाने पर खुलेआम मांस बेचे जा रहे हैं। बेगूसराय में बरौनी रिफाइनरी गेट के बाहर कई दुकानों में मांस बिक रहा है। इसके लिए ना तो कॉरपोरेशन लाइसेंस देता है और ना ही इसकी व्यवस्था करता है। कलेक्टर भी इसकी व्यवस्था नहीं करते हैं।
ऐसी दुकानों को सड़क किनारे से हटाया जाए। जैन और सनातन धर्मावलंबी लोग बराबर कहते हैं कि सुबह घर से निकलने पर बहुत खराब लगता है। स्वच्छता और स्वास्थ्य के लिए भी यह बाधक है। प्रशासन वधशाला बनाए, मीट और मछली बेचने की अलग व्यवस्था करे। सड़क किनारे की व्यवस्था का खराब परिणाम सामने आ रहा है।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
