Samastipur

समस्तीपुर में होली के दिन बहा खून,महिला की गोली मारकर हत्या:पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का आरोप

समस्तीपुर जिले के बिथान थाना क्षेत्र के पुसहो गांव में होली के मौके पर एक किशोर ने एक युवक के शरीर पर कादो फेंक दिया तो गुस्साए युवक ने किशोर की मां को बुधवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद गुरुवार सुबह बिथान थाने की पुलिस ने महिला के शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेजा है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

मृतक महिला की पहचान उसी गांव के संजय यादव की पत्नी रेखा देवी के रूप में की गई है। हत्या का आरोप गांव के ही श्याम यादव पर लगा है।

होली के मौके पर क्यों हुआ खूनी खेल

घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि गांव के संजय यादव के पुत्र अनिकेत कुमार ने बुधवार को होली के मौके पर दोपहर गांव के ही श्याम यादव पर रास्ते से गुजरने के दौरान कादो और गोबर फेंक दिया था। अनिकेत का यह व्यवहार श्याम को पसंद नहीं आया। जिस कारण दोपहर में दो गुटों के बीच विवाद हुआ। हालांकि गांव के लोगों द्वारा बीच-बचाव कर मामला को शांत करा दिया गया। फिर गांव में होली मनी।

घटना को लेकर गांव में कल से ही तनाव है।
लोगों ने बताया कि देर रात करीब 11:00 बजे श्याम यादव अचानक संजय यादव के घर पर पहुंच गया और किवाड़ खटखटाने लगा। जिसके बाद संजय घर से बाहर निकला तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान श्याम ने संजय पर देसी कट्टे से गोली चलाना चाहा, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। इस दौरान उसकी पत्नी रेखा देवी भी बाहर निकली और बीच-बचाव करने लगी। संजय वहां से भागकर घर के अंदर छुप गया। लेकिन इसी दौरान श्याम ने रेखा को ही गोली मार दी।

गोली उसके सिर में मारी गई है। जिससे रेखा की मौत मौके पर ही हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद श्याम वहां से फरार हो गया। बाद में लोगों ने घटना की जानकारी बिथान थाने को दी।

बताया गया है कि कादो और गोबर फेंकने के बाद हुए विवाद पर श्याम ने दोपहर बिथान थाना पहुंचकर थाने में आवेदन दिया था। लेकिन इस आवेदन पर पुलिस सक्रिय नहीं हुई। जिसके बाद शाम में श्याम को कुछ लोगों ने छींटाकशी भी की।

बताया गया है कि इस घटना के बाद श्याम काफी गुस्से में आ गया। देर रात इस घटना को अंजाम दिया। इस घटना के बाद गांव में दो गुटों के बीच तनाव व्याप्त है। लोगों का कहना था कि अगर पुलिस दोपहर में कार्रवाई की होती तो इस हत्याकांड को रोका जा सकता था।

थानाध्यक्ष ने क्या कहा

बिथान थाना अध्यक्ष दिलकुमार भारती ने बताया कि दिन में गोबर व कादो फेंकने को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद गांव में पुलिस टीम को भेजा गया था। दोनों पक्ष को समझा बुझा भी दिया गया था। इसी दौरान रात में हत्या की वारदात सामने आई है। आरोपी घर से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

Kunal Gupta

9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।

error: Content is protected !!