समस्तीपुर में पुजारी की तीन गोली मारकर हत्या:फोन कर घर से बुलाकर दागी बुलेट;सड़क जाम
समस्तीपुर के मुसरीघरारी में गुरुवार की शाम अज्ञात अपराधी ने ठाकुरबाड़ी के पुजारी की तीन गोली मारकर हत्या कर दी। घटना गंगापुर के पास की है। गोली लगने के बाद पुजारी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।मृतक पुजारी की पहचान चक हबीब बाघी पंचायत के रामटोला गांव निवासी कमल सिंह के बेटे सोनू सिंह के रूप में हुई है। अपराधियों ने सोनू को सिर, कमर और पैर में तीन गोलियां मारी।
वहीं, हत्या की खबर के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गंगापुर के समीप एनएच-28 जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। करीब तीन घंटे तक सड़क जाम रहने से हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
स्थानीय विनोद कुमार सिंह ने बताया कि सोनू गुरुवार शाम अपने घर पर था। इसी दौरान उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया। फोन आने के बाद वह रामटोला पहुंचा। वहां कुछ लोगों से बातचीत करने के बाद वह मुख्य सड़क से ग्रामीण सड़क की ओर जा रहा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसे रोक लिया और ताबड़तोड़ तीन गोलियां मार दीं।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो सोनू सड़क पर मृत पड़ा था।
बताया गया है कि सोनू के पिता कमल सिंह विभूतिपुर प्रखंड के केराय गांव स्थित ठाकुरबाड़ी के महंत थे। स्वास्थ्य खराब रहने के कारण उन्होंने अपने पुत्र सोनू को ठाकुरबाड़ी में पूजा-पाठ की जिम्मेदारी सौंप दी थी। सोनू पुजारी के रूप में वहां धार्मिक कार्यों का निर्वहन कर रहा था।पुजारी की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने गंगापुर के समीप एनएच-28 जाम कर दिया। सूचना पर मुसरीघरारी थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
बाद में सदर डीएसपी सतीश सुमन भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने 24 घंटे के अंदर बदमाशों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने जाम समाप्त किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर देर रात पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।सदर डीएसपी सतीश सुमन ने बताया कि सोनू नामक युवक की गोली मारकर हत्या की गई है। घटनास्थल पर फोरेंसिक विभाग की टीम को बुलाया गया है। पुलिस ने मौके से गोली का खोखा बरामद किया है। परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की गई है।फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
