Samastipur:गैस सिलेंडर से रिसाव के बाद घर में लगी आग, झुलसकर महिला की मौत
Samastipur,वारिसनगर,प्रखंड क्षेत्र की लखनपट्टी पंचायत अंतर्गत किशोर गांव के वार्ड संख्या-4 में गुरुवार को खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर से गैस रिसाव होने के कारण अचानक आग लग गई। इस हादसे में घर में मौजूद एक महिला की झुलसकर दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान किशोर गांव निवासी स्वर्गीय सियाराम साह की पत्नी पंचा देवी (60 वर्ष) के रूप में की गई है। घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं, मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, पंचा देवी गुरुवार को अपने घर में खाना बना रही थीं। इसी दौरान गैस सिलेंडर से गैस का रिसाव होने लगा।
देखते ही देखते गैस ने आग पकड़ ली और आग की लपटें फैल गईं। अचानक हुई इस घटना से घर में अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से झुलस गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घटना की सूचना मिलने पर वारिसनगर थानाध्यक्ष सर्वेश कुमार झा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दारोगा ललन कुमार झा को मौके पर भेजा।
पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली। साथ ही शव को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया। महिला की मौत की खबर से परिवार के लोगों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों के बीच भी इस दर्दनाक हादसे को लेकर शोक व्याप्त है। घरेलू गैस सिलेंडर से हुए इस हादसे ने एक बार फिर रसोई गैस के इस्तेमाल के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। मृतका पंचा देवी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
