इंजीनियर के घर से 32 लाख कैश मिले:पत्नी ने रुपयों से भरा बैग फेंका;4 ठिकानों पर रेड
पटना.आय से अधिक संपत्ति के मामले में पथ निर्माण विभाग के सुपरिटेंडिंग इंजीनियर विजय कुमार के 4 ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई(एसवीयू) ने दबिश दी ।बुधवार को सहरसा, औरंगाबाद, पटना के ठिकानों पर टीम ने छापेमारी की। विजय कुमार सहरसा में पोस्टेड हैं।
पटना के दानापुर स्थित फ्लैट में जब टीम पहुंची तो इंजीनियर की पत्नी ने गेट नहीं खोला और इसी दौरान घर के पीछे नोटों से भरा थैला फेंक दिया।टीम ने थैले को बरामद किया। थैले में 9 लाख रुपए थे। इसके बाद गेट खुलवाकर छापेमारी की। इस दौरान टीम को 32 लाख 57 हजार 500 रुपए कैश मिले।
इंजीनियर की पत्नी ने नोटों से भरा थैला घर से बाहर फेंका।
पटना के महेश नगर स्थित प्रेमा रेजिडेंसी के फ्लैट नंबर 303, रामजयपाल नगर, धनौत और दानापुर के विभिन्न स्थानों पर भूखंड मिले हैं। इसके अलावा गोला रोड, दानापुर स्थित वास्तुगंगा कॉलोनी में साईं शरणम् नामक तीन मंजिला मकान और एक नवनिर्मित छह मंजिला मकान का भी पता चला है।
पटना में फ्लैट्स के अलावा 6 मंजिला मकान
6 मंजिला मकान की अनुमानित लागत करीब एक करोड़ रुपए बताई गई है। विशेष निगरानी इकाई के अनुसार, सत्यापन के दौरान अभियंता और उनकी पत्नी के नाम पर कुल 3 करोड़ 8 लाख 75 हजार रुपये की अचल संपत्ति का पता चला है।
बैंक में 1 करोड़, पत्नी के नाम स्कॉर्पियो कार
इसके अलावा विभिन्न बैंकों में 7 बचत खातों में करीब 1 करोड़ 29 लाख 40 हजार रुपए जमा हैं। इंजीनियर ने पत्नी के नाम एक स्कॉर्पियो समेत अन्य कार की खरीदी है।23.23 लाख रुपए के सोने-चांदी के गहने बरामद किए गए। इंजीनियर के घर से निवेश के भी दस्तावेज मिले हैं।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा में केस दर्ज
विशेष निगरानी इकाई के अपर पुलिस महानिदेशक सुधांशु कुमार ने बताया कि इंजीनियर विजय कुमार के खिलाफ विशेष निगरानी इकाई थान में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 13(2) और 13(1)(b) के तहत केस दर्ज किया गया है।जांच एजेंसी ने प्रारंभिक सत्यापन में कुल 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपए की आय से अधिक संपत्ति का आकलन किया है, जो उनकी ज्ञात आय से 139.87 प्रतिशत अधिक है।
औरंगाबाद के पैतृक आवास पर रेड
इसके साथ ही सुपरिटेंडिंग इंजीनियर के औरंगाबाद के दाउदनगर पैतृक आवास पर छापेमारी की गई।एसवीयू की अलग-अलग टीमें एक साथ सभी चिह्नित ठिकानों पर दस्तावेजों और संपत्ति से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की।
सहरसा में इंजीनियर से हुई पूछताछ
जानकारी के मुताबिक निगरानी की टीम ने सहरसा में करीब 12 बजे सुप्रीटेंडिंग इंजीनियर के घर और दफ्तर में दबिश दी।विजय कुमार से उनके दफ्तर में टीम ने करीब 30 मिनट तक पूछताछ की। पूछताछ के बाद टीम पटना के लिए रवाना हो गई।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
