समस्तीपुर में छठ घाटों की तैयारी तेज, डीएम ने निर्माण कार्य का किया निरीक्षण
समस्तीपुर: लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है. व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा और उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने सरायरंजन प्रखंड की खजूरी पंचायत स्थित निर्माणाधीन पोखर और छठ घाट का निरीक्षण किया. इस दौरान अधिकारियों ने चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की.
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर डीएम ने दिया जोर
जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों और संवेदक को सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.
डीएम ने घाटों की समुचित साफ-सफाई, पहुंच पथ के सुदृढ़ीकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम समय पर सुनिश्चित करने को कहा.
डीडीसी ने तकनीकी बारीकियों की जांच की
उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने निर्माण कार्यों की तकनीकी बारीकियों की जांच की. उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अन्य प्रशासनिक पदाधिकारी और स्थानीय कर्मी भी उपस्थित रहे.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
