187 एकड़ जमीन पर 1549.25 करोड़ की लागत से होगा दरभंगा एम्स के भवन का निर्माण
दरभंगा एम्स में 187 एकड़ जमीन पर अस्पताल, अकादमिक तथा आवासीय भवनों के निर्माण के लिए 1549.25 करोड़ का टेंडर जारी किया गया है। वहीं 37 करोड़ की लागत से एम्स परिसर का निर्माण किया जा रहा है। 37 करोड़ की लागत से 184 एकड़ के चारों ओर लगभग 5.5 किलोमीटर का बाउंड्री वॉल तथा मेन गेट का निर्माण किया जा रहा है। 110 एकड़ क्षेत्रफल में लगभग 180 करोड़ की लागत से मिट्टी भराई का कार्य किया जा रहा है। अब अस्पताल, प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन तथा आवासीय भवनों का एक साथ निर्माण कार्य शुरू होने से दरभंगा एम्स के निर्माण की वास्तविक तस्वीर लोगों के सामने आएगी। सांसद डॉ. गोपालजी ठाकुर ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों से इसके निर्माण में कुछ विलंब अवश्य हुआ है।
सांसद डॉ. ठाकुर ने बताया कि अब एम्स के चारों ओर फोरलेन सड़क, 20 एमबी बिजली कनेक्शन, प्रतिदिन 15 लाख लीटर पानी की सप्लाई के लिए जलमीनार सहित अन्य सभी आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता के लिए तेजी से पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में सांसद बनने के पश्चात उन्होंने दरभंगा में बिहार के दूसरे एम्स की स्थापना को लेकर प्रयास प्रारंभ किए। इसके फलस्वरूप सितंबर 2020 में केंद्र सरकार ने दरभंगा में 1264 करोड़ की लागत से 750 बेड वाले एम्स की स्थापना को लेकर केंद्रीय कैबिनेट से स्वीकृति दी। स्थल परिवर्तन के कारण इसके डिजाइन, इंजीनियरिंग तथा डीपीआर में काफी बदलाव हुआ। इसी कारण इसके निर्माण में विलंब हुआ है। इसकी लागत राशि में भी भारी बढ़ोतरी हुई है।