पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, हादसे में मरने वालों की संख्या 3 हुई:बिहार के रहने वाले हैं सभी..
पटना.सुल्तानपुर,पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार दोपहर दो कारों की आमने-सामने टक्कर में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई। गंभीर रूप से घायल बिहार निवासी अशोक कुमार यादव ने शनिवार रात अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक महिला समेत सात लोग घायल हुए थे।
हादसा दोस्तपुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर 162.7 पर बढ़ौली गांव के पास हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्टिगा कार आजमगढ़ से लखनऊ जा रही थी। इसी दौरान लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रही स्विफ्ट डिजायर कार रॉन्ग साइड से आ गई। दोनों कारों की टक्कर में स्विफ्ट सवार दो लोगों की मौके पर मौत हो गई थी।
तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
स्विफ्ट डिजायर में सवार पश्चिमी चंपारण के नरई, नारायणपुर वार्ड नंबर 10 निवासी श्याम बिहारी सिंह (62) और सीवान के जीतपुर महियावा निवासी अजय कुमार गुप्ता (40) की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं, बेतिया निवासी कन्हैया (32) और अशोक कुमार यादव (30) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को दोस्तपुर सीएचसी से रेफर कर अंबेडकरनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान अशोक कुमार यादव की मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट डिजायर में सवार लोग विंध्याचल में मां के दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर उनकी कार की आर्टिगा से टक्कर हो गई। हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।आर्टिगा कार में सवार आजमगढ़ निवासी रीता (45), उनकी बेटियां दीक्षा (18) और दीपशिखा (21), गरिमा (25) और कलदपुर निवासी संदीप यादव (30) घायल हुए हैं।
रीता के बेटे की नवंबर में शादी होनी है। परिवार शादी की खरीदारी के लिए लखनऊ जा रहा था। घायलों का इलाज दोस्तपुर सीएचसी में चल रहा है। हादसे में जान गंवाने वाले दो लोगों के शवों का पोस्टमार्टम रविवार को सुल्तानपुर में कराया जाएगा, जबकि अशोक कुमार यादव के शव का पोस्टमार्टम अंबेडकरनगर में होगा। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
