16 घंटे लेट पहुंची मुंबई-रक्सौल स्पेशल, छोटे स्टेशनों पर भी घंटों खड़ी रहीं,यात्री परेशान
मुजफ्फरपुर।जंक्शन पर शुक्रवार को ट्रेनों की लेटलतीफी ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी। लंबी दूरी की सुपरफास्ट, मेल-एक्सप्रेस और स्पेशल ट्रेनों का परिचालन घंटों विलंब से हुआ। लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी)-रक्सौल स्पेशल सबसे अधिक 15 घंटे 50 मिनट की देरी से पहुंची। वहीं, जयनगर-अमृतसर स्पेशल नौ घंटे 23 मिनट और मुजफ्फरपुर-योगनगरी ऋषिकेश स्पेशल आठ घंटे 15 मिनट की देरी से परिचालित हुई। पूर्णिया-पाटलिपुत्र स्पेशल दो घंटे 26 मिनट और नई दिल्ली-बरौनी स्पेशल दो घंटे 50 मिनट विलंब से पहुंची। वैशाली एक्सप्रेस एक घंटा 49 मिनट, पूर्वांचल एक्सप्रेस एक घंटा 25 मिनट और पवन एक्सप्रेस एक घंटा 31 मिनट देर से जंक्शन पहुंचीं। नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल एक घंटा 47 मिनट और बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल एक घंटा 50 मिनट विलंब से आई। मधुबनी-उधना स्पेशल भी तीन घंटे आठ मिनट देर से पहुंची। ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को स्टेशन पर लंबे समय तक रुकना पड़ा। लंबी दूरी की ट्रेनों में पानी की कमी और साफ-सफाई प्रभावित होने की शिकायतें भी सामने आईं।
मेंटेनेंस से सप्तक्रांति की रफ्तार पर लगा ब्रेक उन्नाव-लखनऊ रेलखंड पर ट्रैक मेंटेनेंस का असर आनंद विहार-मुजफ्फरपुर 12258 सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस के परिचालन पर पड़ा। यह ट्रेन निर्धारित समय से एक घंटा 18 मिनट की देरी से जंक्शन पहुंची। वहीं, लिंक रैक देर से मिलने के कारण मुजफ्फरपुर से योगनगरी ऋषिकेश जाने वाली 04313 स्पेशल ट्रेन आठ घंटे 15 मिनट की देरी से रवाना हुई। लिंक रैक करीब साढ़े सात घंटे विलंब से पहुंचा था। इससे ट्रेन के प्रस्थान का समय भी प्रभावित हुआ।