वैशाली में पलटी नाव, 11 बच्चों समेत 13 की मौत, नावसे जा रहे थे भोज खाने
वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र के रामपुर श्यामचंद गांव में मंगलवार देर रात को नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में 13 लोगों की मौत हुई है. घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई.राघोपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार की रात्रि नाव डूबने से 13 लोगों की मौत हो गई है. मरनेवालों में अधिकांश मासूम बच्चियां हैं. मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव और प्रखंड में कोहराम मच गया है.
भोज खाने जा रहे थे युवक और बच्चे
मिली जानकारी के अनुसार, नाव पर करीब 20 युवक और बच्चे सवार थे. सभी भोज खाने जा रहे थे. इसी दौरान नाव बीच धारा में पहुंचने पर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. नाव पलटते ही सवार लोग पानी में डूबने लगे. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य में जुट गए.
अनियंत्रित होकर बीच ढाब में पलटी नाव
मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के निकट सिंघेश्वर राय के यहां भोज का आयोजन था. गांव के ही करीब 20 आदमी, जिसमें युवक और बच्चे शामिल थे, एक छोटी सी नाव पर सवार होकर ढाब के उस पार भोज खाने के लिए जा रहे थे. नाव जैसे ही बीच ढाब में पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और देखते ही देखते सभी लोग गहरे पानी में डूब गए. नाव डूबने की सूचना आग की तरह पूरे इलाके में फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही रामपुर श्यामचंद पंचायत सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग घटनास्थल पर दौड़ पड़े.
घंटे भर की मशक्कत के बाद निकाला बाहर
स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए अपने स्तर से बचाव कार्य शुरू किया. करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पानी में डूबे लोगों को बाहर निकाला गया. सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर पहुंचाया गया.
नाव हादसे के बाद जब डूबे लोगों को लेकर ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर पहुंचे तो वहां अफरा-तफरी मच गई. पूरा अस्पताल परिसर भीड़ से भर गया. डॉक्टरों ने जांच के बाद 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. चीख-पुकार से पूरा अस्पताल गूंज उठा. सूचना पर राघोपुर प्रखंड में हड़कंप मच गया. प्रखंड के विभिन्न गांवों से लोग पीएचसी और रामपुर श्यामचंद घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस और जिला प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है.
17 को लाया गया PHC, 13 की मौत की
जानकारी के अनुसार हादसे के बाद अब तक 17 बच्चों एवं लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र राघोपुर फतेहपुर लाया गया है. जिनमें से 3 की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है. एक बच्चे की स्थिति ठीक बताई जा रही है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है. वहीं 13 लोगों की मौत की बात सामने आ रही है. प्रशासन द्वारा मृतकों की संख्या की पुष्टि की जा रही है.
नाव हादसे में इनलोगों की गयी जान
पिंकी कुमारी, उम्र 13 वर्ष, पिता- डोमन राय,अंकिता कुमारी, उम्र 06 वर्ष, पिता- राज किशोर राय, सुनीता कुमारी, पिता- राज किशोर राय,आर्यन कुमार, पिता- गिरधारी राय,अलीशा कुमारी, उम्र 18 वर्ष, पिता- सुरेश राय, सिकी कुमारी, पिता- सुरेश राय,भोणू कुमारी, पिता- रामप्रवेश राय,मीरा कुमारी, पिता- लालू राय, नमन कुमार, उम्र 10 वर्ष, पिता- मुकेश राय, सभी मृतक रामपुर श्यामचंद गांव के रहने वाले हैं चार अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
