आरबी कॉलेज में जलवायु परिवर्तन से आपदा जोखिम कम करने पर हुआ मंथन
दलसिंहसराय,स्थानीय आरबी कॉलेज दलसिंहसराय में मंगलवार को भूगोल विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर स्मार्ट क्लास में राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया गया.जलवायु परिवर्तन के दौर में आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर आयोजित सेमिनार में बाढ़, सूखा, लू और अनियमित वर्षा जैसी चुनौतियों पर चर्चा हुई.अध्यक्षता डॉ. विमल कुमार ने की.मुख्य वक्ता डॉ. नरेश वर्मा ने कहा कि जलवायु परिवर्तन गंभीर वैश्विक चुनौती है.वैज्ञानिक दृष्टिकोण, समय पर तैयारी और जनभागीदारी से आपदाओं में जन-धन की क्षति कम की जा सकती है.
डॉ. रविकांत आनंद और डॉ. राजन कुमार गुप्त ने पावरप्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से आपदा प्रबंधन के तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी.आयोजन सचिव डॉ. हरीश सामरिया ने कहा कि बिहार में बाढ़ और सूखे की समस्या को देखते हुए स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप आपदा प्रबंधन की रणनीति जरूरी है.भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. जवाहरलाल ने सतत विकास और सामुदायिक सहभागिता को आवश्यक बताया.इस दौरान डॉ. हरीश सामरिया की पुस्तक प्रादेशिक नियोजन एवं विकास एवं आपदा प्रबंधन का विमोचन किया गया.कार्यक्रम में महाविद्यालय के कई शिक्षक उपस्थित थे.