बेगूसराय में महिला डॉक्टर पर एसिड अटैक, दलसिंहसराय के युवक ने फेंका,गिरफ्तार
बेगूसराय में महिला एमबीबीएस डॉक्टर पर एसिड फेंकने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है. नगर थाना क्षेत्र के बाइपास हरख रोड पर 12 अक्टूबर की रात एक युवती पर एसिड फेंके जाने का मामला सामने आया है. पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के 30 वर्षीय गौतम झा को गिरफ्तार कर लिया है.घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मनीष ने खुद घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच में जुटी पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए. पुलिस के अनुसार, यह घटना 12 अक्टूबर की रात करीब 9:25 बजे की है, जब युवती लक्ष्य हॉस्पिटल से अपने घर हरख लौट रही थी. इसी दौरान बाइपास हरख रोड से नीचे उतरने के क्रम में कथित तौर पर गौतम झा ने उस पर एसिड फेंक दिया, जिससे युवती घायल हो गई.
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस हरकत में आ गई. नगर थाना की पुलिस टीम ने तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचना दी और घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की. साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए घटनास्थल को संरक्षित किया गया तथा फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी सूचित किया गया.
मामले की गंभीरता को देखते हुए बेगूसराय के एसपी मनीष घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पीड़िता से मुलाकात कर घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी ली. एसपी ने मौके पर मौजूद एसडीपीओ सदर-01 और नगर थाना पुलिस की टीम को मामले का जल्द खुलासा करने और आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी पुलिस
इसके बाद एसडीपीओ सदर-01 के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के आरोपी गौतम झा को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
इधर, घटना में घायल युवती को इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय में भर्ती कराया गया है. पुलिस की ओर से मिली जानकारी के अनुसार महिला डॉक्टर सामान्य रूप से घायल है. घटना के कारणों और अन्य परिस्थितियों को लेकर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.
गिरफ्तार आरोपी
इस संबंध में सदर-वन डीएसपी प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला डॉक्टर पर एसिड से हमला किया गया था. इस मामले में महिला डॉक्टर के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. नामजद आरोपी गौतम झा को गिरफ्तार कर लिया गया है. आरोपी महिला डॉक्टर के अस्पताल के बगल में ई-रिक्शा एजेंसी और चार्जिंग की दुकान चलाता है.
डीएसपी के अनुसार, महिला डॉक्टर ने पुलिस को बताया है कि पिछले तीन महीने से आरोपी उनका पीछा कर रहा था. आरोपी द्वारा महिला डॉक्टर की चोरी-छिपे तस्वीरें खींचने की बात भी सामने आयी है. डॉक्टर के आवेदन के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. वहीं, महिला डॉक्टर का अपने पति राहुल चौधरी से करीब आठ वर्षों से विवाद चल रहा है. पुलिस इस पहलू समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है.
महिला डॉक्टर को दी गई सुरक्षा
डीएसपी ने बताया कि महिला डॉक्टर सुनीति कुमारी को फिलहाल सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराया गया है. उनकी सुरक्षा के लिए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गयी है. महिला डॉक्टर मीडिया कर्मियों से बात करने और मिलने के लिए तैयार नहीं हुईं. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच-पड़ताल कर रही है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समस्तीपुर जिला के दलसिंहसराय थाना अंतर्गत रामपुर जलालपुर निवासी दिनेश झा के पुत्र गौतम झा के रूप में हुई है. इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 482/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 124 में FIR दर्ज की गई है.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
