दलसिंहसराय नगर परिषद सफाई कर्मचारी संघ की नई कमेटी गठित, रंजय राजू बने सचिव।
दलसिंहसराय।शहर के गोला घाट स्थित मंदिर परिसर में रविवार को नगर परिषद सफाई कर्मचारी संघ की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (एक्टू) से संबद्ध नगर परिषद दलसिंहसराय इकाई की नई कमेटी का गठन किया गया। इसमें रंजय राजू को सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। पदाधिकारियों का चयन सर्वसम्मति से किया गया।
बैठक में संघ को मजबूत बनाने, सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने और उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर जोर दिया गया। नई कमेटी के गठन से कर्मचारियों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद जताई गई।
गठित कमेटी में भीम राम को अध्यक्ष, रवि कुमार को उपाध्यक्ष, बिट्टू कुमार और सीताराम राउत को संगठन मंत्री बनाया गया। वहीं शत्रुघ्न कुमार को उपसचिव तथा अमित कुमार को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। इसके अलावा राजेश कुमार, उदय कुमार राय, संजीत और दिनकर को कमेटी में शामिल किया गया।
बैठक में कर्मचारियों की एकजुटता बनाए रखने और संगठन के माध्यम से उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।
तीन महीने से वेतन नहीं मिलने पर सफाईकर्मियों के परिवार पर छाया संकट।
दलसिंहसराय नगर परिषद के सफाईकर्मियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण उनके परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घर का खर्च चलाना, बच्चों की पढ़ाई, राशन खरीदना और अन्य जरूरी जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो गया है। नियमित रूप से शहर की सफाई करने वाले कर्मी खुद अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए परेशान हैं।
रविवार को गोला घाट परिसर स्थित मंदिर में सफाईकर्मियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मियों ने बकाया वेतन भुगतान नहीं होने पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि तीन महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। आर्थिक तंगी के बीच घर की जरूरतें पूरी करने के लिए उन्हें दूसरों से उधार लेना पड़ रहा है।
सफाईकर्मियों ने कहा कि वे शहर को स्वच्छ रखने के लिए नियमित रूप से अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं, लेकिन समय पर वेतन नहीं मिलने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। त्योहार के मौसम में भी आर्थिक संकट के कारण परिवार की जरूरतें पूरी करना चुनौती बन गया है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
