Samastipur

ट्रेन में छूटा 1.20 लाख रुपये से भरा बैग समस्तीपुर RPF ने लौटाया

समस्तीपुर : यात्री सुरक्षा और तत्परता की मिसाल पेश करते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ओपी हसनपुर रोड की टीम ने ट्रेन में छूटे 1,20,000 रुपये नकद से भरे बैग को सकुशल बरामद कर उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया है. आरपीएफ की इस त्वरित कार्रवाई और ईमानदारी की वजह से पीड़ित यात्री को अपनी गाढ़ी कमाई वापस मिल सकी, जिसके बाद उन्होंने पुलिस टीम का दिल से आभार व्यक्त किया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

घटना 10 अक्टूबर 2026 की शाम की है. हसनपुर थाना क्षेत्र के खोरी भटवन निवासी मुकेश कुमार महतो (37 वर्ष) ट्रेन संख्या 55566 डीएन से खगड़िया जा रहे थे. जब ट्रेन गढ़पुरा स्टेशन पहुंची, तभी उन्हें घर से सूचना मिली कि उनकी गाय की करंट लगने से मौत हो गई है. इस दुखद खबर से विचलित होकर वे हड़बड़ाहट में गढ़पुरा में ही ट्रेन से उतर गए और उल्टी दिशा की ट्रेन से वापस हसनपुर लौट आए. इसी जल्दबाजी में उनका 1,20,000 रुपये नकद से भरा पीठू बैग ट्रेन में ही छूट गया.

 

सलौना स्टेशन पर आरपीएफ जवानों ने की सघन खोजबीन

हसनपुर रोड आरपीएफ कार्यालय पहुंचकर यात्री द्वारा सूचना दिए जाने के तुरंत बाद सउनि संजीत प्रसाद और प्रधान आरक्षी अश्विनी कुमार ने मोर्चा संभाला. जैसे ही ट्रेन सलौना स्टेशन पर पहुंची, आरपीएफ की टीम ने डिब्बों में सघन जांच अभियान चलाया. खोजबीन के दौरान ‘राजश्री’ लिखा हुआ एक काला व लाल रंग का बैग मिला, जिसके अंदर 1,20,000 रुपये की नकद राशि मौजूद थी. बैग मिलने के बाद अधिकारियों ने वीडियो कॉल के जरिए तुरंत पीड़ित यात्री से उसकी पुष्टि कराई.

 

स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में विधिवत सौंपा गया बैग

पूरी छानबीन और सत्यता की जांच के बाद 11 अक्टूबर 2026 को स्वतंत्र गवाहों—तेघड़ा के बिट्टू कुमार और भटवन के जय प्रकाश कुमार की मौजूदगी में विधिवत सुपुर्दनामा तैयार किया गया. इसके बाद आरपीएफ टीम ने पूरे 1.20 लाख रुपये और बैग मुकेश कुमार महतो को सुरक्षित सौंप दिए.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *