दरसिंहसराय के युवक की गंगा में डूबकर मौत:पूजा के लिए चाचा के साथ गंगाजल लेने गया था
दरसिंहसराय में युवक की गंगा में डूबकर मौत हो गई। वो दुर्गा पूजा के लिए गंगाजल लाने गया था। मृतक दरसिंहसराय के कमरांव गांव के रहने वाले मनोज कुमार महतो का बेटा शुभम कुमार महतो (18) है। जो इंटर का स्टूडेंट था।
शुभम अपने 2 चाचा के साथ गंगाजल लेने घाट पर गया था। उसकी मां पिछले 8 साल से दुर्गा पूजा करती आ रहीं हैं। चाचा संजय कुमार महतो बहन के घर रुक गए थे, शुभम छोटे चाचा सरोज कुमार महतो के साथ घाट पर पहुंचा।घाट पर पहुंचकर शुभम गंगा नदी में नहाने उतरा। उसने सरोज कुमार महतो को प्रसाद लाने भेजा। जब सरोज प्रसाद लेकर लौटे, शुभम वहां नहीं मिला। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चला, सरोज ने परिजनों को सूचना दी।
सूचना मिलते ही परिजन गंगा घाट पहुंचे। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में शुभम की तलाश शुरू की गई। काफी देर बाद गोताखोरों ने उसका शव नदी से बाहर निकाला। घटना विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बाजितपुर कष्टहारा घाट की है।शुभम कुमार 2 भाइयों में बड़ा था। उसका छोटा भाई शिवम कुमार 16 साल का है। शुभम की असमय मौत से परिवार में मातम है। उसके पिता मनोज कुमार महतो गांव में खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।परिवार को शुभम से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन इस हादसे ने उनकी खुशियां छीन लीं। दुर्गा पूजा की तैयारी के बीच हुई इस घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने पर विद्यापतिनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, समस्तीपुर भेज दिया।विद्यापतिनगर थानाध्यक्ष सूरज कुमार ने बताया कि बाजितपुर कष्टहारा घाट स्थित गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक के डूबने से मौत हुई है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन नहीं मिला है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
