समस्तीपुर:दुर्गा पूजा पर 81 एंबुलेंस हाई अलर्ट पर, इमरजेंसी में 102 पर करें कॉल
समस्तीपुर: दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही और भीड़ को देखते हुए जिले में संचालित 102 एंबुलेंस सेवा को हाई अलर्ट पर रखा गया है. त्योहार के दौरान मेडिकल इमरजेंसी, सड़क दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस टीमों को तैयार रहने का निर्देश दिया गया है.राज्य सरकार के सहयोग से जेनप्लस सर्विसेज की ओर से 102 एंबुलेंस सेवा का निःशुल्क संचालन किया जा रहा है. पूजा पंडालों, प्रमुख बाजारों और धार्मिक स्थलों पर भीड़ को देखते हुए टीमों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है.
जिले में 81 एंबुलेंस, कॉल सेंटर भी अलर्ट
समस्तीपुर जिले में कुल 81 एंबुलेंस संचालित हैं. इनमें 22 एडवांस्ड लाइफ सपोर्ट (एएलएस) एंबुलेंस, 56 बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) एंबुलेंस और तीन शव वाहन शामिल हैं. प्रत्येक एंबुलेंस में चालक के साथ प्रशिक्षित इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन तैनात रहते हैं, जो आपात स्थिति में मरीज को प्राथमिक उपचार देने में सक्षम हैं.
इन एंबुलेंसों का इस्तेमाल मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, रेफरल अस्पताल, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से मरीजों के परिवहन के लिए किया जाता है.ऑपरेशन टीम एंबुलेंस की उपलब्धता, तैनाती और रिस्पॉन्स टाइम की लगातार निगरानी कर रही है. जरूरत के अनुसार भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील क्षेत्रों में एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है. आपातकालीन कॉल पर तत्काल कार्रवाई के लिए कॉल सेंटर टीम को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है.
अगस्त में 8,006 मामलों में मिली सहायता
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में समस्तीपुर जिले में 102 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से कुल 8,006 मामलों में सहायता पहुंचाई गई. इनमें 6,766 गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया. इसके अलावा 136 नवजात एवं गंभीर मरीजों, 116 सड़क दुर्घटना पीड़ितों और 988 अन्य मरीजों को अस्पताल पहुंचाकर चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में सेवा की भूमिका रही.दुर्गा पूजा के दौरान भी सेवा निर्बाध बनाए रखने और जरूरतमंद मरीजों तक समय पर सहायता पहुंचाने के लिए पूरी टीम सक्रिय रहेगी.
जेनप्लस सर्विसेज, बिहार के प्रोजेक्ट हेड दीपक श्रीवास्तव ने कहा कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और भरोसेमंद आपातकालीन परिवहन सेवा उपलब्ध कराना उद्देश्य है, ताकि मेडिकल इमरजेंसी में मरीज को बिना देरी के आवश्यक चिकित्सा सुविधा तक पहुंचाया जा सके. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी चिकित्सा आपात स्थिति में घबराएं नहीं और जरूरत पड़ने पर 102 पर कॉल कर निःशुल्क एंबुलेंस सेवा की सहायता लें.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
