जीविका सहकारी समिति की वार्षिक आम सभा आयोजित,दिया आवश्यक दिशा-निर्देश
समस्तीपुर जिले के पूसा प्रखंड अंतर्गत दिघरा स्थित सार्थक जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रविश कुमार रवि और समिति के पदाधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया. इस सभा में जीविका संकुल संघ से जुड़ी बड़ी संख्या में जीविका दीदियों और समिति की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.
कार्यक्रम के दौरान बीडीओ रविश कुमार रवि ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए प्रखंड को स्वच्छ रखने और महिलाओं को अपने रोजगार के अवसरों को और अधिक बढ़ाने की बात कही. उन्होंने महिलाओं को आजीविका गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध संसाधनों का बेहतर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके.
सहकारी समिति ने अर्जित किया 9.63 लाख रुपये का शुद्ध लाभ
वार्षिक आम सभा में समिति के वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंकेक्षण प्रतिवेदन को साझा किया गया. रिपोर्ट के अनुसार, सार्थक जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड ने इस अवधि में कुल 9,63,490 रुपये का शानदार शुद्ध लाभ अर्जित किया है. अधिकारियों ने बताया कि इस लाभ का उपयोग स्वयं सहायता समूहों के सशक्तीकरण और सामुदायिक विकास कार्यों को मजबूत करने में किया जाएगा.
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में जीविका के अधिकारियों ने महिला सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन और आजीविका संवर्धन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी. इस अवसर पर बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में क्षेत्रीय समन्वयक राजेश कुमार महतो, बीसीओ राजीव नयन, बृजेश कुमार, अनिरुद्ध कुमार सिंह, कामिनी कुमारी सहित कई सामुदायिक समन्वयक और समिति की सचिव रानी कुमारी व कोषाध्यक्ष यास्मीन प्रवीण मौजूद रहीं.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
