विवाहिता की हत्या कर शव जलाने के मामले में सास-ससुर गिरफ्तार,डीएसपी ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी
दलसिंहसराय।विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र में विवाहिता की हत्या कर शव जलाने के मामले में पुलिस ने मृतका के सास-ससुर को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान खनुआ गांव निवासी हुलस सहनी और उनकी पत्नी सुकुमरिया देवी के रूप में हुई है। दोनों मृतका के सास-ससुर हैं।
दलसिंहसराय डीएसपी विवेक कुमार शर्मा ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि मामले में नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2025 को खगड़िया जिले के अलौली थाना क्षेत्र निवासी वीणा देवी को उनकी बेटी पन्नो देवी की ससुराल से तबीयत खराब होने की सूचना मिली थी। सूचना पर वह बेटी के ससुराल पहुंचीं। वहां उन्हें बताया गया कि पन्नो घर से कहीं चली गई है।
इसके बाद मृतका की मां ने बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए दलसिंहसराय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी में मृतका के पति अमित सहनी, ससुर हुलस सहनी और सास सुकुमरिया देवी को नामजद किया गया था।
पूछताछ में शव जलाने की बात सामने आने का दावा
डीएसपी ने बताया कि पुलिस की जांच और आरोपितों से पूछताछ के दौरान घटना से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में मृतका के शव को चमथा मेला घाट पर जलाए जाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपितों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।गिरफ्तार सास-ससुर को न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की प्रक्रिया की गई। कार्रवाई में थानाध्यक्ष सूरज कुमार के साथ पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
