12 दिन बाद छात्र बरामद:शिक्षक की डांट से था परेशान, मिठाई की दुकान पर कर रहा था काम
मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट प्रखंड के केवटसा गांव से लापता दसवीं का छात्र गौरव कुमार मधुबनी जिले से मिल गया है। पुलिस ने उसे रविवार को 12 दिन बाद खोज निकाला। बरामदगी के बाद पुलिस गौरव को बेनीबाद थाना ले आई। गौरव की पहचान केवटसा गांव निवासी गोविंद कुंवर के 16 वर्षीय बेटे के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गौरव 8 सितंबर को मैट्रिक का फॉर्म भरने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका पता नहीं चला, तो उसके पिता ने 11 सितंबर को बेनीबाद थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। छात्र के लंबे समय तक नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई थी।
कोचिंग शिक्षक की डांट-मार से परेशान था
पुलिस की पूछताछ में गौरव ने बताया कि उसका पढ़ाई में मन नहीं लगता था। इस वजह से कोचिंग शिक्षक उसे डांटते और मारते थे। उसने यह भी बताया कि उसका कोई दोस्त भी नहीं था, जिससे वह परेशान और बेचैन रहने लगा था। इसी परेशानी के कारण वह घर से निकलकर मधुबनी चला गया।मधुबनी में वह एक मिठाई की दुकान पर काम करने लगा था। उसे करीब पांच हजार रुपये मासिक वेतन मिलता था।
बेनीबाद थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि छात्र को पुलिस की निगरानी में रखा गया है। सोमवार को उसे कोर्ट में बयान दर्ज कराने के लिए भेजा जाएगा। दो दिन पहले एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की थी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
