Patna

पत्रकार के साथ मारपीट के मामले में एक्शन, अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक समेत दो डॉक्टर तलब

पटना.सहरसा सदर अस्पताल में मध्याह्न भोजन से बीमार हुए बच्चों की रिपोर्टिंग करने पहुंचे मीडिया कर्मी के साथ कथित अभद्र व्यवहार और मारपीट के मामले में स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. सुशील कुमार आजाद और चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रोशन लाल को तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय में योगदान करने का निर्देश दिया है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

स्वास्थ्य विभाग की ओर से 18 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना में कहा गया है कि जिला पदाधिकारी, सहरसा के 15 सितंबर के पत्र के आधार पर दोनों चिकित्सकों के विरुद्ध आरोप प्रतिवेदित किये गये थे. आरोपों में मीडिया कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट के अलावा घटना स्थल पर पहले से लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज को मिटाने का आरोप भी शामिल है.

 

दोनों डॉक्टरों से एक सप्ताह के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है. विभाग ने डॉक्टरों से घटना के संबंध में अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा है. उनके जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

अधिसूचना के अनुसार, मामले में हुई जांच के प्रतिवेदन के आलोक में नियुक्ति प्राधिकार ने दोनों चिकित्सकों को तत्काल प्रभाव से स्वास्थ्य विभाग, बिहार में योगदान करने का निर्णय लिया है. इसके बाद विभाग ने डॉ. सुशील कुमार आजाद और डॉ. रोशन लाल को स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय में योगदान सुनिश्चित करने का निर्देश जारी किया.

 

सरकार के अवर सचिव उपेंद्र राम के हस्ताक्षर से जारी अधिसूचना में दोनों चिकित्सकों के नाम, पद और संबंधित कोटि क्रमांक का भी उल्लेख किया गया है. आदेश की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी, सहरसा, सिविल सर्जन, सहरसा और स्वास्थ्य विभाग के संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गयी है.

 

मामला उस समय सामने आया था, जब मध्याह्न भोजन से बच्चों के बीमार होने की घटना की रिपोर्टिंग के लिए मीडिया कर्मी सदर अस्पताल पहुंचे थे. इसी दौरान कथित तौर पर मीडिया कर्मी के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की घटना हुई. सरकारी आदेश में सीसीटीवी फुटेज मिटाने के आरोप का भी उल्लेख किया गया है

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *