Samastipur

श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में पहली बार शुरू हुआ MBBS एडमिशन,उज्ज्वल बने पहले छात्र

समस्तीपुर: जिले के सरायरंजन प्रखंड के नरघोघी स्थित श्री राम जानकी मेडिकल कॉलेज में बहुप्रतीक्षित शैक्षणिक सत्र का आगाज शुक्रवार को नामांकन प्रक्रिया के साथ हो गया. केंद्रीय कोटे के तहत सीतामढ़ी जिले के परिहार प्रखंड निवासी उज्ज्वल कुमार झा ने संस्थान के प्रथम छात्र के रूप में दाखिला लिया. इस ऐतिहासिक मौके पर कॉलेज परिसर में विशेष समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया गया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

50 MBBS सीटों के साथ शुरू हुआ पहला सत्र

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) एसके कर्ण ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से संस्थान को कुल 50 एमबीबीएस सीटों का आवंटन मिला है. इनमें 15 प्रतिशत सीटें ऑल इंडिया यानी केंद्रीय कोटे के लिए और शेष 85 प्रतिशत सीटें राज्य कोटे के तहत निर्धारित की गयी हैं.प्राचार्य ने बताया कि द्वितीय चरण के तहत ऑनलाइन दस्तावेज सत्यापन का कार्य तेजी से चल रहा है. नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही नियमित कक्षाओं का संचालन शुरू कर दिया जायेगा.

 

प्राध्यापकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति जारी

प्राचार्य के अनुसार, नये प्राध्यापकों और विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी जारी है. इससे मेडिकल कॉलेज की शैक्षणिक व्यवस्था और अस्पताल की चिकित्सीय सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

 

परिसर में छात्रों के लिए हॉस्टल और कैंटीन की तैयारियां भी अंतिम चरण में हैं.

 

दिल्ली में दर्जी का काम करते हैं उज्ज्वल के पिता

उज्ज्वल के पिता रूपेश कुमार झा दिल्ली में दर्जी का काम करते हैं. बेटे की सफलता पर वह भाव-विह्वल नजर आये. उन्होंने उम्मीद जतायी कि उनका पुत्र अपनी मिट्टी से जुड़कर जनसेवा को प्राथमिकता देगा.

 

समारोह के दौरान प्राचार्य एवं अन्य अतिथियों ने उज्ज्वल को अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.इस अवसर पर भाजपा नेता जय कृष्ण झा, पूर्व अस्पताल अधीक्षक डॉ. जीसी कर्ण, डॉ. शशिकांत कुमार, डॉ. सुशांत कुमार, डॉ. जीना आलम, डॉ. कंचन कुमारी, डॉ. सितेश कुमार कर्ण और निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर गौरव कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.

Anaya

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *