समस्तीपुर में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर,दोनों की हुई मौत:बेटे को बस में बैठाकर लौट रहे किसान ने तोड़ा दम
समस्तीपुर के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में बुधवार को दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई। हादसा मुसरीघरारी चौक से आगे दलसिंहसराय की ओर जाने वाली सड़क पर हुआ।
घटना के बाद दोनों को पुलिस सदर अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों की पहचान कर ली है।मृतकों में एक की पहचान मुसरीघरारी निवासी मोहम्मद कलीम के 18 साल के बेटे रईस के रूप में हुई है। वहीं दूसरे मृतक की पहचान सरायरंजन थाना क्षेत्र के झगड़ा वार्ड-13 निवासी स्वर्गीय बैद्यनाथ राम के 55 साल के बेटे रामचंद्र राम के रूप में हुई है।
दोनों की मौत की खबर मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। वहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।18 वर्षीय रईस तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह मुसरीघरारी में एक मोटरसाइकिल गैरेज में करीब एक साल से काम कर रहा था। इसी काम से वह अपने परिवार के भरण-पोषण में मदद करता था। रईस की अभी शादी नहीं हुई थी।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार को गैरेज में एक व्यक्ति अपनी KTM बाइक ठीक कराने आया था। बाइक की मरम्मत करने के बाद रईस उसी बाइक को लेकर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भराने के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।हादसा इतना जोरदार था कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
बेटे को बस में बैठाकर घर लौट रहे थे रामचंद्र
दूसरे मृतक रामचंद्र राम खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चार बेटे हैं। बुधवार को वह अपने बड़े बेटे अजय कुमार को दिल्ली जाने के लिए समस्तीपुर स्टेशन छोड़ने बाइक से निकले थे।बताया गया कि बाद में उन्होंने अपने बेटे अजय कुमार को मुसरीघरारी में बस पर बैठा दिया। इसके बाद वह बाइक से अपने घर छपरा लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनकी बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में रामचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।
टक्कर के बाद सड़क पर मची अफरातफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों बाइकों की टक्कर काफी तेज थी। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों बाइक सवार सड़क पर गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े थे। कुछ ही देर में वहां लोगों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलने के बाद मुसरीघरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉक्टर आरपी मंडल ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पहले नहीं हो पाई थी पहचान, अब परिजनों ने की पुष्टि
हादसे के बाद शुरुआती तौर पर दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त बाइकों और मृतकों के पास मिले सामान के आधार पर पहचान कराने की कोशिश कर रही थी। आसपास के लोगों से भी जानकारी ली जा रही थी।बाद में दोनों के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे और उनकी पहचान की पुष्टि हुई। रईस की पहचान उसके पिता मोहम्मद कलीम के 18 वर्षीय बेटे के रूप में हुई, जबकि दूसरे शव की पहचान रामचंद्र राम के रूप में की गई।
पुलिस ने दोनों बाइक जब्त कीं, जांच शुरू
मुसरीघरारी थाने की पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है। पुलिस अब हादसे की वजह की जांच कर रही है। दोनों बाइक किस दिशा से आ रही थीं और टक्कर किस परिस्थिति में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगालेगी। इससे हादसे के समय दोनों वाहनों की गति, उनकी दिशा और टक्कर की स्थिति के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।मुसरीघरारी थाने की प्रभारी थानाध्यक्ष नेहा निधि ने बताया कि दलसिंहसराय की तरफ जाने वाली सड़क पर दो बाइकों की टक्कर में दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हुए थे। पुलिस दोनों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई, लेकिन उनकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम की तैयारी में जुटी पुलिस
हादसे के बाद मुसरीघरारी थाने की पुलिस दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया में जुट गई है। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।एक तरफ 18 वर्षीय रईस की मौत से परिवार ने कम उम्र में अपना सहारा खो दिया, वहीं रामचंद्र राम की मौत से खेती-बाड़ी और परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे घर में मातम पसरा है। दोनों परिवारों के परिजन सदर अस्पताल में रोते-बिलखते नजर आए।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
