Samastipur

मौसम अपडेट:5 से 9 सितंबर तक झमाझम बारिश, छह जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट जारी

समस्तीपुर।उत्तर बिहार के किसानों और आम नागरिकों के लिए मौसम विभाग ने राहत और चेतावनी भरा पूर्वानुमान जारी किया है. डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के ग्रामीण कृषि मौसम सेव केन्द्र और भारत मौसम विज्ञान विभाग के संयुक्त सहयोग से 5 से 9 सितंबर तक के लिए यह मौसम बुलेटिन जारी किया गया है, जिसके अनुसार क्षेत्र में मानसून की सक्रियता पूरी तरह बनी रहेगी.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

6 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 5 और 6 सितंबर को उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में आसमान में मध्यम से घने बादल छाए रहेंगे. इस दौरान कई जगहों पर मेघगर्जन के साथ बिजली चमकने और तेज रफ्तार हवाएं चलने की प्रबल संभावना है. मौसम विभाग ने विशेष रूप से 6 जिलों में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान जताया है. इनमें पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, मुजफ्फरपुर तथा समस्तीपुर जिला शामिल है. इसके अलावा उत्तर बिहार के अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की जा सकती है.

 

तापमान में गिरावट और उमस भरा माहौल

आगामी दिनों में मौसम के तेवर नरम रहने से लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी. पूर्वानुमान के मुताबिक अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. हालांकि, हवा में नमी का स्तर काफी अधिक बना रहेगा. सुबह के समय सापेक्ष आर्द्रता 90 से 95 प्रतिशत तथा दोपहर के वक्त 50 से 55 प्रतिशत के आसपास रहने का अनुमान है.

 

15 से 25 किमी की रफ्तार से चलेगी पूर्वी हवा

पूर्वानुमानित अवधि के दौरान मुख्य रूप से 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी हवा चलने की संभावना जताई गई है. लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है. किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था दुरुस्त रखने और वज्रपात के समय खुले खेतों में काम न करने की सख्त सलाह दी गई है. इसके साथ ही तेज हवाओं से खड़ी फसलों को बचाने और पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की ताकीद की गई है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *