Patna

गांधी मैदान में घोड़ों की टाप और झांकियों का जलवा, अग्निशमन सेवा की झांकी ने जीता पहला पुरस्कार

पटना।गांधी मैदान में शुक्रवार को स्वतंत्रता दिवस का राजकीय समारोह देशभक्ति और उत्साह के बीच आयोजित हुआ. अश्वारोही सैन्य पुलिस के 13 घुड़सवारों ने घोड़ों के साथ शानदार कदमताल की, तो दर्शक दीर्घा तालियों से गूंज उठी. इसके बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ध्वजारोहण किया. राष्ट्रगान के बाद मुख्यमंत्री ने लोगों को संबोधित किया. समारोह में 20 टुकड़ियों ने परेड में हिस्सा लिया.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

 

13 झांकियों में दिखी बिहार के विकास की तस्वीर

मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद 13 विभागों की आकर्षक झांकियां निकाली गयीं. कृषि विभाग की डिजिटल कृषि, जीविका की महिला उद्यमिता, बिहार मौसम सेवा केंद्र, अग्निशमन सेवा, पर्यावरण संरक्षण, मॉडल स्कूल, नागरिक सुरक्षा, उद्योग और ऊर्जा विभाग की योजनाओं को झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया. करीब 80 हजार वर्गफीट क्षेत्र में बनी दर्शक दीर्घा से लोगों ने झांकियों और परेड का उत्साहपूर्वक स्वागत किया.

 

अग्निशमन सेवा की झांकी ने जीता पहला पुरस्कार

झांकी प्रतियोगिता में बिहार अग्निशमन सेवा की झांकी ने पहला स्थान हासिल किया. इसकी थीम ‘लपटों से लड़ना हमारा कर्तव्य है, मुस्कान लौटाना हमारा पुरस्कार’ थी. महिला एवं बाल विकास निगम की झांकी दूसरे और कला एवं संस्कृति विभाग की ‘ज्ञान भारतम् मिशन’ थीम वाली झांकी तीसरे स्थान पर रही.

 

एसएसबी और एनसीसी आर्मी गर्ल्स परेड में अव्वल

20 टुकड़ियों की परेड प्रतियोगिता में प्रोफेशनल वर्ग में एसएसबी ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि नॉन-प्रोफेशनल वर्ग में एनसीसी आर्मी गर्ल्स अव्वल रहीं. बेस्ट टर्न आउट के प्रोफेशनल वर्ग में बिहार पुलिस और नॉन-प्रोफेशनल वर्ग में एनसीसी बॉयज को पहला स्थान मिला.

 

एमपी पुलिस और एनसीसी ने जीता बेस्ट प्लाटून कमांडर का खिताब

बेस्ट प्लाटून कमांडर के प्रोफेशनल वर्ग में एमपी पुलिस और नॉन-प्रोफेशनल वर्ग में एनसीसी नेवी को पहला स्थान मिला. परेड की कमान एएसपी कोमल मीना ने संभाली, जबकि डीएसपी नवनीत आनंद सेकेंड इन कमांड रहे.

 

बादशाह से शिल्पा तक, 13 घोड़ों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

अश्वारोही सैन्य पुलिस के घुड़सवार बादशाह, बादल, टार्जन, कावेरी, चेतक, नीलम, अंजलि, रोमियो, रेखा, रानी, रूस्तम, युवराज और शिल्पा के साथ परेड में शामिल हुए. घोड़ों की सधी हुई कदमताल और घुड़सवारों के अनुशासित प्रदर्शन ने समारोह का आकर्षण बढ़ा दिया.

 

तीन स्तर की सुरक्षा में हुआ स्वतंत्रता दिवस समारोह

गांधी मैदान में समारोह को लेकर तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी थी. सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के लिए 62 स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात किये गये थे. पूरे समारोह के दौरान मैदान और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा बल मुस्तैद रहे.

 

इन 13 विभागों ने निकाली झांकियां

पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने ‘संरक्षित पर्यावरण-सुरक्षित भविष्य’, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने ‘सहयोग शिविर’, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने ‘मॉडल स्कूल : सपनों की प्रयोगशाला’ और जीविका ने ‘सशक्त नारी-समृद्ध बिहार, जीविका की उद्यमिता क्रांति’ थीम पर झांकी निकाली.

 

बिहार मौसम सेवा केंद्र, बिहार अग्निशमन सेवा, कृषि निदेशालय, नागरिक सुरक्षा निदेशालय, महिला एवं बाल विकास निगम, कला एवं संस्कृति विभाग, उद्योग विभाग, विधि विभाग और ऊर्जा विभाग की झांकियों में भी अलग-अलग योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया.

 

राजस्व पर्षद की अध्यक्षता में हुआ मूल्यांकन

परेड और झांकियों का मूल्यांकन राजस्व पर्षद की अध्यक्ष-सह-सदस्य हरजोत कौर बम्हरा की अध्यक्षता वाले निर्णायक मंडल ने किया. पंचायती राज विभाग के सचिव मनोज कुमार और अपर पुलिस महानिदेशक के. सुहिता अनुपम निर्णायक मंडल में शामिल रहीं.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!