विधायक ने जेल से आने के बाद की पूजा-हवन:राजू सिंह बोले- सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं
मुजफ्फरपुर.दिल्ली हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद साहेबगंज के विधायक राजू सिंह रविवार को पहली बार मुजफ्फरपुर पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले बाबा गरीबनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, जलाभिषेक किया और हवन में शामिल हुए।मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने कहा कि यह बाबा गरीबनाथ की कृपा, जनता के आशीर्वाद और न्यायपालिका पर विश्वास का परिणाम है कि वह आज फिर लोगों के बीच हैं।
राजू सिंह ने कहा, “सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं। जब सजा सुनाई गई थी तो स्वाभाविक रूप से मैं आहत था। मुझे नहीं लगता था कि मैंने ऐसा कोई कार्य किया है, जिसके लिए मुझे सजा मिलनी चाहिए, लेकिन न्यायपालिका की प्रक्रिया का मैंने हमेशा सम्मान किया और मुझे पूरा भरोसा था कि मुझे न्याय मिलेगा। आज उसी भरोसे के साथ मैं फिर जनता के बीच हूं।”
सजा के बाद साहेबगंज विधानसभा सीट पर संभावित उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर विधायक ने कहा कि उन्हें अपनी जनता पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “साहेबगंज मेरे दिल में बसता है। वहां की जनता का प्यार और विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। मुझे न्याय मिला है और आगे भी जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा।”
रविवार को मंदिर पहुंचने पर राजू सिंह ने बाबा गरीबनाथ के दरबार में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने हवन में भाग लेकर प्रदेश और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिर परिसर में उनके समर्थकों की भी भीड़ जुटी रही।
हर्ष फायरिंग मामले में दोषी ठहराया गया था
साहेबगंज विधायक राजू सिंह को वर्ष 2018 में दिल्ली के फतेहपुर बेरी स्थित एक फार्महाउस में आयोजित न्यू ईयर पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में दोषी ठहराया गया था। 31 दिसंबर 2018 की रात चली गोली से महिला आर्किटेक्ट अर्चना गुप्ता की मौत हो गई थी।दिल्ली की राऊज एवेन्यू (एमपी-एमएलए) कोर्ट ने इस मामले में राजू सिंह को गैर-इरादतन हत्या (आईपीसी की धारा 304 पार्ट-2) और आर्म्स एक्ट के तहत दोषी मानते हुए चार वर्ष की सजा और 25 लाख रुपए जुर्माने की सजा सुनाई थी।
हालांकि बाद में दिल्ली हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति मनोज जैन की पीठ ने उनकी सजा पर रोक लगाते हुए उन्हें जमानत दे दी। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद यह उनका मुजफ्फरपुर का पहला दौरा था, जहां उन्होंने बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की और कहा कि न्यायपालिका पर उनका विश्वास कभी नहीं डगमगाया।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
