Muzaffarpur

मुजफ्फरपुर में प्रेम प्रसंग में हुई थी महिला की हत्या:एक आरोपी गिरफ्तार;बेटा अब भी लापता

मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में 26 जुलाई को नेता चौक स्थित एनटीपीसी के पास झाड़ियों से मिली महिला की लाश के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अब तक की जांच में सामने आया है कि महिला की हत्या प्रेम प्रसंग के विवाद में की गई थी।पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य नामजद फरार हैं। वहीं, घटना के बाद से लापता महिला के करीब 6 साल के बेटे की तलाश भी पुलिस लगातार कर रही है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

शव की स्थिति देखकर आशंका जताई गई थी कि हत्या कहीं और करने के बाद उसे वहां लाकर फेंका गया है। शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया था।

 

लाश मिलने के एक दिन बाद कपड़ों से परिजन ने पहचान की थी

 

घटना के अगले दिन यानी 27 जुलाई को मृतका के परिजन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे थे और कपड़ों के आधार पर उसकी पहचान की थी। मृतका की पहचान 30 साल की मंजू देवी के रूप में हुई। पहचान होने के बाद परिजनों ने कांटी थाने में 6 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। इसी एफआईआर के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

 

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

 

जांच में सामने आया कि मंजू देवी एक निजी अस्पताल में स्टाफ के रूप में कार्यरत थी। इसी दौरान उसकी पहचान गांव के एक युवक से हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। बताया जा रहा है कि मंजू देवी का अपने पति से पहले ही अलगाव हो चुका था। पुलिस के अनुसार महिला अपने प्रेमी पर शादी का दबाव बना रही थी, जिससे आरोपी पक्ष नाराज था। इसी विवाद में महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई और उसकी हत्या कर शव को नेता चौक के पास फेंक दिया गया।

 

प्रेमी का पिता गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

 

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर हरि पासवान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार हरि पासवान का बेटा ही मृतका के साथ प्रेम संबंध में था। जांच में उसके परिवार की संलिप्तता सामने आने के बाद कार्रवाई की गई। हालांकि महिला का कथित प्रेमी और अन्य नामजद आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

6 वर्षीय बेटा अब भी लापता

 

इस मामले का एक और चिंताजनक पहलू यह है कि महिला का करीब 6 वर्षीय बेटा घटना के बाद से लापता है। पुलिस को आशंका है कि वह घटना के समय महिला के साथ हो सकता था। उसकी तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और आसपास के जिलों की पुलिस को भी अलर्ट किया गया है।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!