समस्तीपुर में करंट से मजदूर की मौत:निर्माणाधीन मकान की छत पर कर रहे थे काम
समस्तीपुर जिले के धर्मपुर में एक निर्माणाधीन मकान की छत पर काम करते समय 11 हजार वोल्ट बिजली के तार की चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई। घटना के बाद मजदूर को तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान अंगारघाट थाना क्षेत्र के मुरियारों गांव निवासी अमरेश कुमार सिंह के 22 वर्षीय बेटे कर्मवीर कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया है कि कर्मवीर अपने 9 अन्य साथियों के साथ धर्मपुर स्थित शंभू कुमार के निर्माणाधीन मकान में काम करने गया था। मुरियारों गांव निवासी प्रत्यक्षदर्शी परीक्षण साह ने बताया कि छत पर जोड़ाई का काम चल रहा था।इसी दौरान कर्मवीर छत की सफाई कर रहा था और वह ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सक डॉ. अमितेश रंजन श्रीवास्तव ने जांच के बाद कर्मवीर कुमार को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। कर्मवीर अपने दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई धर्मवीर सिंह है। उसके पिता अमरेश कुमार सिंह गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
आवेदन मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी
कर्मवीर की शादी वर्ष 2025 में बक्सर जिले के एरौली निवासी सोनी कुमारी से हुई थी। उसकी पत्नी की गोद में महज 8 माह का एक बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। घटना के बाद पत्नी बेसुध होकर बार-बार पति को याद कर विलाप करती रही, जिसे देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
घटना की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची। नगर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि अस्पताल से सूचना प्राप्त होने के बाद पुलिस पदाधिकारी हरिलाल यादव को पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए भेजा गया है।उन्होंने कहा कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। यदि मृतक के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन दिया जाता है तो उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
