सोती महिला के गले से सिकड़ी खींचते तीन चोर रंगेहाथ धराए, ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा
दरभंगा.दोघरा पंचायत में गुरुवार की सुबह चोरी की कोशिश के दौरान ग्रामीणों ने तीन चोरों को रंगेहाथ पकड़ लिया.
तीनों आरोपित एक घर में घुसकर सो रही महिला के गले से चांदी की सिकड़ी निकाल रहे थे. महिला के जागने और शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तीनों को दबोच लिया. आक्रोशित लोगों ने उनकी पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया. पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी की बाइक, दो मोबाइल फोन तथा चांदी के आभूषण बरामद किये हैं.
घटना सुबह करीब चार बजे की बताया गया है. दोघरा वार्ड-एक निवासी जयप्रकाश यादव ने थाना में दिये आवेदन में बताया कि उनकी पत्नी बिंदु देवी घर में चारपाई पर सो रही थीं. इसी दौरान एक चोर उनके गले से चांदी की सिकड़ी निकाल रहा था. पत्नी के शोर मचाते ही आसपास के लोग जुट गये और घर के दरवाजे पर ही तीनों आरोपितों को पकड़ लिया.
आवेदन के अनुसार, चोरों ने घर का बक्सा तोड़कर नया व पुराना चांदी का लॉकेट तथा तीन मोबाइल फोन रेडमी मॉडल 24116RNIL, रेडमी-5 और वीवो चोरी कर लिये थे. पकड़े जाने के बाद तीनों आरोपितों ने जयप्रकाश यादव को जान से मारने की धमकी देते हुए जेल से छूटने के बाद घर बम से उड़ाने और पूरे परिवार को गोली मारने की बात भी कही.
पुलिस पूछताछ में आरोपितों की पहचान सीतामढ़ी जिले के नानपुर थाना क्षेत्र के खरका बसंत निवासी रंजीत कुमार झा उर्फ बिचकिया, रोहतास जिले के जमरौल निवासी उपेंद्र उर्फ गोलू सिंह तथा सुमित सिंह के रूप में हुई है.
थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पीटीसी राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के कब्जे से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. पीड़ित के आवेदन पर थाना कांड संख्या 129/26 दर्ज कर लिया गया है. उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपित रंजीत झा उर्फ बिचकिया का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है. अन्य दो आरोपितों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है.
थानाध्यक्ष ने बताया कि बरामद बाइक और मोबाइल के आईएमईआई नंबर के आधार पर उनके वास्तविक मालिकों का पता लगाया जा रहा है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपित किसी अंतरजिला चोर गिरोह से जुड़े हैं या हाल के दिनों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता रही है.
थानाध्यक्ष ने ग्रामीणों की सतर्कता की सराहना करते हुए लोगों से संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 या स्थानीय थाना को देने की अपील की. उन्होंने कानून हाथ में नहीं लेने तथा आरोपितों को पकड़कर पुलिस के हवाले करने की सलाह देते हुए क्षेत्र में रात्रि गश्ती और बढ़ाने की बात कही.
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
