Patna

प्रेमी जोड़े के साथ अमानवीय व्यवहार,सिर मुंडवाकर घुमाया

मोतिहारी।बंजरिया. जिले के बंजरिया थाना क्षेत्र से एक बेहद अमानवीय और शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां ग्रामीणों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए एक प्रेमी जोड़े के साथ बेरहमी से मारपीट की और उनका सिर मुंडवा दिया. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

 

मिली जानकारी के अनुसार, बंजरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पचरूखा पूर्वी पंचायत के पकड़िया टोला निवासी युवक और सिसवा पूर्वी पंचायत के कचहरिया टोला की रहने वाली महिला के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहे थे. सोमवार देर शाम जब युवक अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंचा, तो ग्रामीणों ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया.

 

युवक- महिला को देखते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए. भीड़ ने दोनों को घेर लिया और मौके पर ही उनके साथ जमकर मारपीट की. भीड़ ने दोनों का सिर मुंडवा दिया और उन्हें चप्पल की माला पहनाकर अपमानित करते हुए गांव में घुमाया. पूरी घटना के दौरान वहां भारी भीड़ मौजूद थी, लेकिन किसी ने भी इस अमानवीय कृत्य को रोकने की जहमत नहीं उठाई. मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने दोनों को सरपंच पति महेंद्र यादव के घर पहुंचाया, जहां से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची.

 

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस ने दोनों को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने पहुंचाया. पीड़ित महिला के बयान के आधार पर बंजरिया थाने में 7 नामजद सहित कई अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है. वहीं, युवक के विरुद्ध पहले से ही बंजरिया थाना में कई आपराधिक मामले दर्ज थे, जिसके चलते पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

 

थानाध्यक्ष अमित कुमार ने कहा कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है. उन्होंने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है.

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!