समस्तीपुर:वाया नदी में अज्ञात महिला के डूबने से मौत:गहरे पानी में बह गई
समस्तीपुर के मोहिउद्दीन नगर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक अज्ञात महिला की वाया नदी में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, महिला सुबह करीब 6 बजे अचानक नदी में कूद गई थी। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन वह गहरे पानी में चली गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मोहिउद्दीन नगर थाना प्रभारी सचिन कुमार के निर्देश पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अपर थाना प्रभारी प्रियंका कुमारी, एसआई राम कुमार और एसआई नितीश कुमार भी टीम में शामिल थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला और अपने कब्जे में ले लिया।
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। मृत महिला की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों को सूचित कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।पुलिस घटना के कारणों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और महिला की पहचान होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
