वैशाली में दिल्ली पुलिस ने बेलसर से कथित अपहृत नाबालिग को किया बरामद
हाजीपुर।दिल्ली पुलिस ने वैशाली जिले के बेलसर थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए कथित रूप से अपहृत एक नाबालिग किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया. शनिवार को दिल्ली पुलिस की टीम ने बेलसर थाना पुलिस के सहयोग से अफजलपुर गांव में छापेमारी कर किशोरी को अपने संरक्षण में लिया.
जानकारी के अनुसार, दिल्ली के नागलोई आउट थाना के एसएचओ पवन तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम बेलसर पहुंची थी. टीम में एसआई रामानुज समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे. किशोरी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उसके माता-पिता भी पुलिस टीम के साथ मौजूद थे.
दिल्ली में दर्ज है अपहरण का मामला
पुलिस के अनुसार, इस मामले में दिल्ली के नागलोई आउट थाना में कांड संख्या 166/26 दर्ज है. प्राथमिकी में किशोरी के पिता ने बेलसर थाना क्षेत्र के अफजलपुर गांव निवासी अशोक पासवान के पुत्र राहुल पर उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है.
इसी मामले की जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर दिल्ली पुलिस बेलसर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से अफजलपुर गांव में छापेमारी कर किशोरी को बरामद कर लिया.
दिल्ली ले जाई गई किशोरी, आरोपी की तलाश जारी
बरामदगी के बाद दिल्ली पुलिस किशोरी को अपने साथ दिल्ली ले गई, जहां उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी. वहीं मामले के आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
लगातार दूसरे दिन बेलसर पहुंची दिल्ली पुलिस
गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को दिल्ली के कापाशेरा थाना की पुलिस ने भी बेलसर थाना क्षेत्र के मनोरा गांव में कथित रूप से अपहृत दो किशोरियों की बरामदगी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की थी. हालांकि उस कार्रवाई में पुलिस को सफलता नहीं मिली थी. लगातार दूसरे मामले में दिल्ली पुलिस के बेलसर पहुंचने से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
