अज्ञात वाहन की चपेट में आकर युवक की मौत:विद्यापतिनगर जा रहा था मृतक,सड़क जाम
दलसिंहसराय,उजियारपुर थाना क्षेत्र के चाँदचौर मध्य पंचायत स्थित शंकर चौक एनएच-28 पर सोमवार, 22 जून की सुबह एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब युवक अपने नानी गांव रायपुर से अपनी मौसी के घर विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के गढ़सिसई जा रहा था।
मृतक की पहचान दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के रामपुर जलालपुर गांव निवासी शत्रुघ्न मालाकार के 22 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार मालाकार के रूप में हुई है। घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रिंस कुमार बचपन से ही उजियारपुर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव स्थित अपने नानी गांव में रहता था। सोमवार सुबह करीब 7 बजे वह अपनी मौसी के घर गढ़सिसई गांव के लिए निकला था। शंकर चौक के पास पहुंचते ही एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे प्रिंस की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन, रिश्तेदार और स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। उजियारपुर पुलिस के दो घंटे बाद भी मौके पर नहीं पहुंचने से आक्रोशित परिजनों ने शव को शंकर चौक एनएच-28 पर रखकर सड़क जाम कर दिया। उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और घटना में शामिल वाहन की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। एनएच जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
दो घंटे बाद मौके पर पहुंची उजियारपुर पुलिस और बीडीओ कार्यालय के नाजिर ने सड़क जाम कर रहे लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल समस्तीपुर भेज दिया।वहीं घटना के संबंध में थानाध्यक्ष उजियारपुर अजीत कुमार का बताना है कि, सड़क हादसे में एक युवक की मौत की सुचना मिलने के बाद पुलिस टीम घटनास्थल पर गयी है। शव को पोस्टमार्टम में भेजा जा रहा है। परिजन के द्वारा अभी आवेदन नही मिला है। आवेदन मिलने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
