मौसम अपडेट:बिहार के 19 जिलों में आज बारिश का ऑरेंज अलर्ट:पटना में देर रात हुई बारिश
मौसम अपडेट:पटना.बिहार में भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज यानी सोमवार को 19 जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।इन जिलों में 60kmph की रफ्तार से हवा चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। विभाग ने इन जिलों में बिजली गिरने को लेकर भी अलर्ट किया है।पटना में देर रात बारिश हुई बारिश से तापमान में थोड़ी गिरावट है। लोगों को गर्मी से राहत मिली है।
बीते 24 घंटे में पटना सहित कई जिलों में तेज गर्मी का असर दिखाई दिया। 41.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ कैमूर सबसे गर्म जिला रहा। जबकि 7 जिलों का तापमान 40 डिग्री या उससे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। वहीं गयाजी में रविवार शाम में बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
मानसून कब होगा फिर से एक्टिव
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों के दौरान बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाओं का प्रवाह बढ़ने की संभावना है।इसके प्रभाव से बिहार में मानसून फिर से सक्रिय होगा और कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
पटना में छाए रह सकते हैं बादल
मौसम विभाग के अनुसार पटना में सोमवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।कुछ इलाकों में तेज हवा और वज्रपात की भी संभावना है। बारिश होने पर तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
भीषण गर्मी के कारण पटना में स्कूल बंद
लगातार पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए पटना के डीएम कुंदन कुमार ने बड़ा फैसला लिया है। जारी आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल सहित) में कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 22 जून से 27 जून 2026 तक रोक लगा दी गई है।डीएम ने कहा है कि अत्याधिक तापमान और गर्म हवाओं से बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे अपनी शैक्षणिक गतिविधियों को बाद में पुनर्निर्धारित करें।
9 साल का पत्रकारिता का अनुभव।प्रभात खबर में कार्यरत, साथ ही बिहार न्यूज tv, आज अख़बार, दैनिक भास्कर में कार्य का अनुभव।कंटेट राइटर, एडिटिंग का कार्य,पत्रकारिता की हर विधा को सीखने की लगन।
