मौसम अपडेट:बिहार के 18 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट:2-3 दिनों में एक्टिव होगा मानसून
बिहार में भीषण गर्मी महसूस की जा रही है। उमस भरी गर्मी की वजह से लोग दिन-रात परेशान हो रहे हैं। हालांकि, आज यानी शुक्रवार को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के 18 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 60KMPK की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 से 72 घंटे में मानसून के सक्रिय होने की संभावना है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बिहार में मानसून की औपचारिक एंट्री हो गई है, लेकिन मानसूनी सिस्टम अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हुआ है। बंगाल की खाड़ी से कम दबाब का क्षेत्र कमजोर है, जिससे नमी नहीं पहुंच रही है।
इसके साथ ही मानसून ट्रफ लाइन भी प्रदेश के सभी हिस्सों पर एक्टिव नहीं है। इसके कारण कुछ जिलों में बारिश हो रही है, जबकि कई क्षेत्रों में तेज धूप और उमस बनी हुई है।
पटना में बारिश हुई तो 4 डिग्री तक गिरेगा पारा
राजधानी पटना में शुक्रवार को मौसम बदलने के आसार हैं। दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और बारिश होने की संभावना है। 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। अगर पटना में बारिश होती है तो अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
पिछले 24 घंटे में भभुआ सबसे ज्यादा गर्म रहा
पिछले 24 घंटे के दौरान बिहार के कई जिलों में हीट वेव जैसी स्थिति बनी रही। सबसे अधिक तापमान कैमूर (भभुआ) में 42.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, मानसून जब पूरे राज्य में सक्रिय हो जाएगा, तब जिलों में बारिश होगी। लगातार बारिश होने से अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है।
जेट स्ट्रीम कमजोर होने पर आगे बढ़ेगा मानसून
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, जेट स्ट्रीम का मौजूदा पैटर्न कमजोर होने पर मानसूनी हवाएं तेज होंगी। अगले 4-5 दिनों में मानसून के महाराष्ट्र, कर्नाटक, छत्तीसगढ़ और अन्य हिस्सों में आगे बढ़ने की परिस्थितियां बन सकती हैं।जेट स्ट्रीम वायुमंडल की ऊपरी परतों में बहने वाली बहुत तेज हवाएं हैं। ये आमतौर पर पृथ्वी की सतह से करीब 8 से 15 किलोमीटर की ऊंचाई होती है। ये मानसूनी बादलों और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ को प्रभावित करती हैं।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
