Darbhanga

पोखर में डूबने से युवक की मौत,इसी माह होनी थी शादी,मचा कोहराम

दरभंगा.कुशेश्वरस्थान स्थित शिवगंगा पोखर में सोमवार को स्नान के दौरान डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसके साथ डूब रहे दूसरे युवक को साथी की सूझबूझ से बचा लिया गया। मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के सिंघिया थाना क्षेत्र के हरदिया गांव निवासी स्वर्गीय राजेंद्र साह के 21 वर्षीय इकलौते पुत्र संतोष साह के रूप में हुई है। जबकि बचाए गए युवक की पहचान उसी गांव के शंकर मुखिया के पुत्र विवेक मुखिया के रूप में की गई है।

Dss WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
bihar whatsapp Channel Join Now

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। लगभग चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद मछुआरों द्वारा महाजाल की सहायता से युवक का शव पोखर से बाहर निकाला गया। शव बरामद होते ही मौके पर मौजूद मृतक की मां गीता देवी, बहन राधा देवी एवं अंजलि देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। इधर मृतक के माँ गीता देवी को रोते रोते वेहोश हो गया स्थिति खराब होते ही उसे ईलाज कराया और दरभंगा ईलाज के साथ दरभंगा भेज दिया गया।घाट परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया।

पूजा-अर्चना के बाद स्नान करने उतरे थे युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष साह अपने दोस्तों विवेक मुखिया और सुभाष साह के साथ बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने आए थे। पूजा के बाद तीनों शिवगंगा पोखर में स्नान करने के लिए उतरे। स्नान के दौरान संतोष और विवेक पोखर के बीच गहरे पानी की ओर चले गए, जहां अचानक दोनों की सांस फूलने लगी और वे डूबने लगे।

दोनों को डूबता देख उनके साथी सुभाष साह ने तत्परता दिखाते हुए विवेक मुखिया को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन संतोष गहरे पानी में समा गया। इसके बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी।

 

 

 

पुलिस और प्रशासन ने चलाया रेस्क्यू अभियान

घटना की सूचना मिलते ही कुशेश्वरस्थान थाना अध्यक्ष गौरव प्रसाद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। निर्माणाधीन थाना भवन में कार्यरत मजदूरों की सहायता से नाव की व्यवस्था कर युवक की तलाश शुरू की गई। इसी बीच सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे घाट पर कोहराम मच गया।

काफी देर तक शव नहीं मिलने से परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया। आक्रोशित लोगों ने थाना परिसर पहुंचकर हंगामा भी किया। हालांकि मौके पर मौजूद एसडीओ शशांक राज और पुलिस अधिकारियों ने संयम बरतते हुए लोगों को समझाकर शांत कराया।

महाजाल से मिला शव

शव की तलाश में सफलता नहीं मिलने पर प्रशासन ने एसडीआरएफ की सहायता लेने के साथ-साथ केवटगामा से अनुभवी मछुआरों को महाजाल सहित बुलाया। मछुआरों ने पोखर में व्यापक तलाशी अभियान चलाया और करीब चार घंटे बाद शव को बरामद कर लिया।

शव मिलने के बाद परिजन उसे कुशेश्वरस्थान बाजार स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच, दरभंगा भेज दिया।

29 जून को होनी थी शादी

संतोष साह के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बचपन में ही उसके पिता की मृत्यु हो चुकी थी। परिवार की जिम्मेदारी संतोष के कंधों पर थी और वह पिकअप वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

सबसे मार्मिक बात यह है कि संतोष की शादी आगामी 29 जून को मधुबन निवासी गांधी साह की पुत्री आरती कुमारी के साथ तय थी।

 

 

वह बाबा कुशेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने के साथ-साथ अपनी शादी के लिए डीजे की व्यवस्था करने कुशेश्वरस्थान बाजार आया था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था और शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

भारी पुलिस बल रहा तैनात

शव मिलने में हो रही देरी और लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए बिरौल के एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, तिलकेश्वर थाना अध्यक्ष केशरी नंदन कुमार राम, नदी थाना अध्यक्ष सुशील कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

 

 

 

घटना के बाद शिवगंगा पोखर के चारों ओर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर शिवगंगा पोखर में सुरक्षा व्यवस्था और बचाव संसाधनों की कमी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस संबंध में सीओ राकेश सिंह यादव ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिजन को आपदा से मिलने वाली सहायता राशि दिया जयगा।

Pargati Singh

न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!