नौ दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव से भक्तिमय हुआ माहौल,सीताराम विवाह महोत्सव बना आकर्षण का केंद्र
सीतामढ़ी। जगज्जननी माता जानकी की पावन जन्मस्थली मिथिलाधाम के हरिछपरा स्थित श्री सीताराम नाम सुखधाम आश्रम (श्री मुठिया बाबा की कुटिया) में 13 से 21 जून तक आयोजित नौ दिवसीय आध्यात्मिक महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हो रहा है। यह आयोजन अनंत विभूषित श्री नाम जापक सरकार बाबा की 33वीं सिया-पिया मिलन (साकेत) स्मृति में किया जा रहा है।
महोत्सव के अंतर्गत अखंड श्री सीतायाम नाम संकीर्तन, श्री नाम जाप, श्रीरामचरितमानस नवाह पारायण, संगीतमय श्री प्रेम रामायण कथा एवं श्री सीताराम नाम रूप लीला धाम महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रातःकाल श्री रामार्चा महायज्ञ तथा संध्या में श्रीराम-जानकी की दिव्य लीलाओं पर आधारित कथाओं का आयोजन हो रहा है।
अयोध्या धाम से पधारे कथा व्यास बाल संत श्री श्री 1008 श्याम सुंदर दास जी महाराज (रामजी) अपने प्रवचनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहे हैं। उन्होंने माता सीता एवं भगवान श्रीराम के दिव्य प्राकट्य और उनके दर्शन के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला।
महोत्सव में श्रीराम रतन दास जी महाराज, मैथिली शरण, मिथिला बिहारी शरण, राम किशोरी शरण, महंत राम रसिक शरण, महंत सिद्धनाथ शरण, महंत सुरेंद्र दास, महंत भूषण दास सहित अनेक संत-महात्मा उपस्थित हैं। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त करने की अपील की है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
