बिहार के कई जिलों में आंधी के साथ बारिश:दिन में छाया अंधेरा,पूरे बिहार में आंधी-बारिश का अलर्ट
पटना.बिहार में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी पूरे राज्य में आंधी-बारिश का अलर्ट है। खगड़िया में सुबह-सुबह बारिश हुई है। आसमान में बादल छाए हैं।रोहतास में आंधी के साथ बारिश हो रही है। वहीं बक्सर में काले बादलों की वजह से सुबह-सुबह अंधेरा छा गया, उसके बाद बारिश हुई। औरंगाबाद में भी तेज आंधी के साथ बारिश हो रही है।
बीते 24 घंटे में राज्य का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
इस दौरान बेगूसराय में बादल छाए रहे। पटना, समस्तीपुर समेत कई जिलों में धूप निकली रही, लेकिन ठंडी हवा से उमस कम महसूस हुई।
क्या बिहार में प्री-मानसून सीजन की शुरुआत हो चुकी है?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बिहार में मौजूदा स्थिति प्री-मानसून गतिविधियों की ओर इशारा कर रही है। आमतौर पर मई के अंतिम सप्ताह और जून की शुरुआत में बंगाल की खाड़ी से नमी आने लगती है, जिससे राज्य में गरज-तड़क, बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू होता है।फिलहाल जो मौसम बन रहा है, वह उसी प्री-मानसून पैटर्न का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि अभी दक्षिण-पश्चिम मानसून की आधिकारिक एंट्री बिहार में नहीं हुई है, लेकिन मौसम का स्वरूप मानसून पूर्व गतिविधियों जैसा दिख रहा है।
मौसम में बदलाव की वजह क्या है
मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आ रही है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय स्तर पर बन रहे कम दबाव के क्षेत्र के कारण वातावरण में अस्थिरता बनी हुई है।
अगले 7 दिनों में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले 3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।हालांकि इसके बाद अगले 4 दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। यानी राहत के बाद उमस और गर्मी फिर बढ़ सकती है।मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जून के पहले सप्ताह तक रुक-रुककर बारिश और तेज हवा का दौर जारी रह सकता है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
