समस्तीपुर:सिंघिया घाट रेलवे स्टेशन पर अब अपराधियों की खैर नहीं,सीसीटीवी से निगरानी
समस्तीपुर।विभूतिपुर.प्रखंड क्षेत्र के सिंघिया घाट रेलवे स्टेशन पर अब असामाजिक तत्वों, उचक्कों, गंजेड़ी-भंगेड़ी और चोरी-छिनतई करने वालों की खैर नहीं है। रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर को पूरी तरह हाईटेक निगरानी व्यवस्था से लैस कर दिया है। स्टेशन पर कुल 10 अत्याधुनिक नाइट विजन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जो दिन ही नहीं बल्कि रात के अंधेरे में भी हर गतिविधि को साफ-साफ रिकॉर्ड कर रहे हैं। इन कैमरों की सीधी मॉनिटरिंग हसनपुर रेल थाना एवं समस्तीपुर डीआरएम कार्यालय से लगातार की जा रही है। स्टेशन परिसर में अब हर आने-जाने वाले व्यक्ति की गतिविधि कैमरे की नजर में है।
स्टेशन अधीक्षक जयशंकर कुमार ने बताया कि 26 मई की शाम 4 बजे से सभी कैमरे चालू कर दिए गए हैं और अब स्टेशन का चप्पा-चप्पा निगरानी में है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से जनप्रतिनिधियों एवं यात्रियों की मांग थी कि स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए, क्योंकि यहां लगातार चोरी, छिनतई, मोबाइल झपटमारी, यात्रियों से बदसलूकी और संदिग्ध लोगों की आवाजाही की शिकायत मिल रही थी। कई बार घटना को अंजाम देकर अपराधी आसानी से फरार हो जाते थे और उनकी पहचान नहीं हो पाती थी। अब ऐसी घटनाओं पर पूरी तरह लगाम लगाने की तैयारी कर ली गई है।
स्टेशन परिसर में लगाए गए कैमरों में प्लेटफॉर्म संख्या एक पर स्टेशन मास्टर के पैनल रूम में एक, टिकट काउंटर के सामने एक, वेटिंग हॉल में एक, सिग्नल रूम में एक, सिग्नल रूम के सामने प्लेटफॉर्म पर एक, अंगार घाट दिशा की ओर एक तथा रोसड़ा दिशा की ओर दो कैमरे लगाए गए हैं। वहीं प्लेटफॉर्म संख्या दो पर दोनों दिशाओं में एक-एक कैमरा लगाया गया है। इसके अलावा स्टेशन के पीछे यात्रियों के आवागमन वाले रास्ते पर अत्याधुनिक रोटेटिंग कैमरा लगाया गया है, जो चारों दिशा में घूम-घूमकर निगरानी कर रहा है।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि स्टेशन परिसर में अब किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्टेशन पर घूमने वाले असामाजिक तत्व, शराबी, गंजेड़ी-भंगेड़ी, उचक्के और यात्रियों को परेशान करने वालों की पहचान कर सीधे कार्रवाई की जाएगी। स्टेशन परिसर में शौच करने, गंदगी फैलाने, थूकने, अवैध रूप से घूमने अथवा यात्रियों को परेशान करने वालों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
न्यूज़ टू बिहार में कई सालो में काम करने के साथ,कंटेट राइटर, एडिटिंग का काम कर रही।3 साल का पत्रकारिता में अनुभव।
